पीलीभीत में आवारा सांड से टकराई बाइक, युवक की मौत:बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग के पास हादसा, घर लौट रहा था


पीलीभीत में बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग पर शनिवार रात करीब 8 बजे सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। रायपुर की पुलिया के पास बाइक की आवारा सांड से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी बरखेड़ा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। बरखेड़ा क्षेत्र के गांव पंडरी खमरिया निवासी सुनील कुमार शनिवार को किसी काम से पीलीभीत गया था। रात करीब 8 बजे वह बाइक से पीलीभीत से बरखेड़ा की ओर घर लौट रहा था। जैसे ही उसकी बाइक रायपुर की पुलिया के पास पहुंची, अंधेरे में अचानक एक आवारा सांड दौड़ता हुआ सामने आ गया। बाइक की गति तेज होने के कारण सुनील उसे नियंत्रित नहीं कर सका और बाइक सांड से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई और सुनील सड़क पर जा गिरा। हादसे में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ देर तक वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। मौजूद लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी और घायल सुनील को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरखेड़ा पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग रोते हुए अस्पताल पहुंचे। अस्पताल परिसर में परिजनों के रोने से माहौल गमगीन हो गया। सूचना मिलने पर बरखेड़ा थाना अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थाना अध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा आवारा सांड के अचानक सामने आने और बाइक के उससे टकराने के कारण हुआ। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं के प्रबंधन की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *