![]()
हाथ में पिस्टल लिए हुए प्रियंका।
गाजियाबाद के साहिबाबाद में एक बेटी ने अपने पिता और भाभी पर पिस्टल तान दी। कार लोन के वेरिफिकेशन से इनकार करने पर यह विवाद शुरू हुआ।
.
बेटी ने अपने ही पिता और भाभी से पहले गाली-गलौज की फिर और हाथापाई। फिर युवती वहां से चली गई। 25 मिनट बाद वह अपनी सहेली के साथ दोबारा पहुंची और घर का मेन गेट तोड़कर अंदर घुस गई। इसके बाद पिता और भाभी पर पिस्टल तानकर गोली मारने की धमकी दी। पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
पिता ने जान का खतरा जताया
मामला थाना साहिबाबाद क्षेत्र की वृंदावन गार्डन कॉलोनी का है। हितेश तोमर ने पुलिस को बताया किमेरी बेटी प्रियंका तोमर करीब ढाई साल पहले घर छोड़कर चली गई थी। 8 सितंबर 2026 की शाम करीब पांच बजे प्रियंका अपनी सहेली के साथ घर पहुंची और कार लोन के वेरिफिकेशन को लेकर पिता से बातचीत की।
हितेश तोमर ने वेरिफिकेशन कराने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर प्रियंका ने पिता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची भाभी के साथ भी हाथापाई की गई। इसके बाद दोनों को भुगतने की धमकी दी।
सहेली को लेकर घर पहुंची प्रियंका
पिता और भाभी से विवाद के करीब 25 मिनट बाद प्रियंका अपनी सहेली के साथ दोबारा घर पहुंची। आरोप है कि प्रियंका ने घर का मेन गेट तोड़ दिया और जबरन अंदर घुस गई।
युवती ने पिता और भाभी पर पिस्टल तान दी और गोली मारने की धमकी दी। अपनी जान बचाने के लिए दोनों किसी तरह घर की पहली मंजिल पर पहुंचे।
कैमरे में कैद हुई घटना
पिस्टल लहराने, धमकी देने और हाथापाई की पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। CCTV फुटेज में युवती कथित तौर पर पिस्टल लहराती नजर आ रही है। 9 सितंबर 2026 को थाना साहिबाबाद में मुकदमा दर्ज किया। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बेटी प्रियंका तोमर और उसकी सहेली के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
ACP साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि आरोपी बेटी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, पूरे मामले में पुलिस घटना की जांच कर रही है।