मुजफ्फरनगर में जुमे की नमाज को लेकर पुलिस अलर्ट:संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च, फेक न्यूज से बचने की सलाह


मुज़फ़्फ़रनगर में आगामी पर्व-त्योहारों और जुमे की नमाज को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में जुमे की पूर्व संध्या पर गुरुवार देर शाम करीब 7 बजे से सिविल लाइन क्षेत्र स्थित महमूदिया मदरसे में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के धर्मगुरुओं, जिम्मेदार लोगों के साथ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। एसपी सिटी अमृत जैन ने लोगों से पुलिस-प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। जिसके बाद SP सिटी ने भारी पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में देर रात तक फ्लैग मार्च किया। बैठक में एसपी सिटी अमृत जैन ने कहा कि आगामी पर्व-त्योहारों और जुमे की नमाज को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से क्षेत्र के जिम्मेदार लोगों के साथ संवाद किया जा रहा है, ताकि किसी भी तरह की गलतफहमी या अफवाह की स्थिति पैदा न हो और सभी पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हों। पुलिस-प्रशासन का सहयोग बैठक में पुलिस अधिकारियों ने लोगों को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। एसपी सिटी ने कहा कि त्योहारों के दौरान सभी लोग निर्धारित नियमों और प्रशासन की गाइडलाइंस का पालन करें। उन्होंने पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी समस्या की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। बैठक में एसपी सिटी अमृत जैन ने सोशल मीडिया को लेकर लोगों को विशेष रूप से सतर्क किया। उन्होंने कहा कि कई बार अफवाह, भ्रामक जानकारी या फेक न्यूज तेजी से वायरल हो जाती है। ऐसी किसी भी पोस्ट पर तुरंत विश्वास करने के बजाय उसकी सत्यता की पुष्टि करनी चाहिए। सोशल मीडिया का इस्तेमाल उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना पुष्टि किसी भी खबर, वीडियो, फोटो या अन्य कंटेंट को आगे शेयर या वायरल न करें। अधिकारियों का कहना था कि सोशल मीडिया पर छोटी सी अफवाह भी माहौल को प्रभावित कर सकती है, इसलिए जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील पुलिस अधिकारियों ने बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं और जिम्मेदार लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध या आपत्तिजनक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे बैठक में ASP सिद्धार्थ के. मिश्रा, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आगामी पर्व-त्योहारों और जुमे की नमाज के दौरान शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस लगातार निगरानी रखेगी। महमूदिया मदरसे में आयोजित इस बैठक के जरिए पुलिस ने क्षेत्र के धर्मगुरुओं और जिम्मेदार लोगों के साथ सीधे संवाद कर शांति व्यवस्था में सहयोग मांगा। अधिकारियों ने कहा कि पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बैठक के बाद SP सिटी अमृत जैन भारी पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरे। उन्होंने शहर कोतवाली और खालापार इलाके के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *