![]()
गोंडा में निषाद समाज के नेता विनोद साहनी हत्याकांड के बाद एसपी अभिषेक झा ने गुरुवार देर रात पुलिस महकमे में फेरबदल किया। रात करीब 12 बजे खोड़ारे थाने के प्रभारी उपनिरीक्षक कृष्ण गोपाल राय को परसपुर का नया थाना प्रभारी बनाया गया। एसपी के निर्देश पर उन्होंने शुक्रवार तड़के करीब 1 बजे परसपुर थाने पहुंचकर कार्यभार संभाल लिया। इसके साथ ही गोंडा देहात कोतवाली में तैनात महिला उपनिरीक्षक निशा निषाद को शाहपुर चौकी प्रभारी बनाया गया। उन्होंने भी तड़के 1 बजे चार्ज ग्रहण कर लिया। हत्याकांड के बाद तीन पुलिसकर्मी निलंबित विनोद साहनी की हत्या के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने के बाद परसपुर थाना प्रभारी कमल शंकर चतुर्वेदी, शाहपुर चौकी प्रभारी अंकित सिंह और बीट आरक्षी अभिमन्यु भारती को निलंबित किया गया था। इनके खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं। घटना को लेकर निषाद समाज में आक्रोश के बाद पुलिस प्रशासन ने थाना और चौकी स्तर पर नई तैनाती की है। नए प्रभारियों को फरार आरोपियों की गिरफ्तारी का टारगेट एसपी ने नए थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल राय और चौकी प्रभारी निशा निषाद को हत्याकांड की गंभीरता से जांच करने और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीड़ित परिवार को प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को कहा है। अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई एसपी ने सोशल मीडिया पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस को संवेदनशील इलाकों में सतर्क रहने और किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होने देने के निर्देश दिए गए हैं। खोड़ारे में ज्ञान सिंह को मिली कमान बहराइच से ट्रांसफर होकर गोंडा आए निरीक्षक ज्ञान सिंह को खोड़ारे थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। एसपी ने उन्हें भी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम करने और क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए हैं। देर रात हुए इस फेरबदल के बाद अब पुलिस की प्राथमिकता विनोद साहनी हत्याकांड में बचे आरोपियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में शांति बनाए रखना है।
Source link
विनोद साहनी हत्याकांड के बाद एसपी का बड़ा फेरबदल:आधी रात बदले परसपुर और शाहपुर के प्रभारी, तड़के 1 बजे नए अफसरों ने संभाला चार्ज