राजस्थान से की जा रही दूषित पनीर की सप्लाई:मथुरा में आधी रात को खाद्य विभाग ने की कार्यवाही, 1000 मिलो पनीर को किया नष्ट


मथुरा में दूषित पनीर की सप्लाई राजस्थान से की जा रही है। इस बात की जानकारी मिलते ही गुरुवार देर रात खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम राजस्थान की तरफ से आने वाले रोड पर पहुंच गई। जहां टीम ने राजस्थान की तरफ से पनीर लेकर आ रही गाड़ी को रुकवा लिया। टीम ने गाड़ी से एक हजार किलो दूषित पनीर को बरामद किया। टीम ने पनीर के सैंपल लेने के बाद उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया। कोसी – कामां रोड पर की कार्यवाही खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन को जानकारी मिली कि गुरुवार की रात मथुरा में राजस्थान से बड़ी मात्रा में दूषित पनीर की सप्लाई की जानी है। सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम राजस्थान के कामा से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के कोसी शहर को आने वाले रोड पर पहुंच गई। यहां टीम ने दूषित पनीर की सप्लाई को रोकने के लिए पुलिस की मदद से नाकाबंदी शुरू कर दी। खाद्य सचल दल के लोग पास में ही मौजूद चौकी पर बैठ गए। जिससे दूषित पनीर की सप्लाई करने वालों को शक न हो। मैक्स पिकअप गाड़ी से बरामद हुआ दूषित पनीर देर रात राजस्थान की तरफ से एक मैक्स पिकअप गाड़ी संख्या UP 85 ET 6299 आती दिखाई दी। पुलिस ने बैरियर पर इस गाड़ी को रोका। जिसके बाद खाद्य सचल दल की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने जब गाड़ी में चेक किया तो उसमें पनीर भरा हुआ था। गाड़ी चला रहे अमर सिंह ने बताया कि यह पनीर काना राजस्थान में स्थित डेयरी प्लांट से ला रहे हैं। अमर सिंह ने टीम को बताया कि इसमें एक हजार किलो पनीर है। जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 20 हजार रुपए है। टीम ने लिए 2 सैंपल पनीर की गुणवत्ता पर शक हीने पर टीम ने जब अमर सिंह से पनीर की खरीद फरोख्त के संबंध में वैधानिक कागज मांगे तो वह कुछ भी नहीं दिखा सका। जिसके बाद टीम ने गाड़ी में भरे पनीर के 2 सैंपल ले लिए। इसके बाद टीम ने गंदगी के बीच ले जाए जा रहे दूषित पनीर को जब्त करते हुए उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जतिन कुमार सिंह ने बताया कि लिए गए सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। रिपोर्ट मिलने पर इस मामले में वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। खाद्य सचल दल में जितेंद्र सिंह, मोहर सिंह कुशवाह, धर्मेंद्र आदि खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *