![]()
मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव किनानगर में निर्माणाधीन हाईवे के समीप मंगलवार रात खेत में गोकशी की घटना से बुधवार सुबह सनसनी फैल गई। गांव निवासी सुशील तोमर के खेत में असामाजिक तत्व गौवंश की हत्या कर अवशेष छोड़कर फरार हो गए। सुबह खेतों की ओर पहुंचे किसानों की नजर अवशेषों पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही भावनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। मौके पर गौवंश के अवशेषों के साथ पुलिस को गोकशी में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद हुए। खेत में अवशेष पड़े होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश दिखाई दिया। ग्रामीणों ने पुलिस के सामने जमकर हंगामा किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई। रात में संदिग्धों की आवाजाही ने बढ़ाया शक
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि रात के समय इलाके में कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए थे। ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तत्काल संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ कर घटना में उसकी भूमिका और अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। हाईवे निर्माण के कारण सुनसान पड़ा इलाका
ग्रामीणों के मुताबिक निर्माणाधीन हाईवे के आसपास का क्षेत्र रात में काफी सुनसान रहता है। काफी दूरी तक अंधेरा भी पसरा रहता है। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने खेत को वारदात के लिए चुना। ग्रामीणों ने पुलिस से इलाके में रात के समय गश्त बढ़ाने और घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है। जेसीबी से दबवाए गए अवशेष
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर जेसीबी बुलवाई। बरामद गौवंश के अवशेषों को नियमानुसार मौके पर ही गड्ढा खुदवाकर दबवा दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से मिले औजारों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों पुलिस गश्त पर सवाल उठाए
गोकशी की घटना से ग्रामीणों में पुलिस की रात्रि गश्त को लेकर भी नाराजगी दिखाई दी। ग्रामीणों का कहना था कि हाईवे निर्माण के चलते आसपास का इलाका संवेदनशील है, इसके बावजूद रात में संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे। अफसर बोले- सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस अफसरों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ के आधार पर अन्य संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
Source link
मेरठ में हाईवे किनारे खेत में गोकशी से भड़का आक्रोश:किनानगर के खेत में मिले अवशेष, ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना, जेसीबी से दबवाये