लखनऊ में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के पांचवें दिन कालिया मर्दन झांकी:डिजिटल मूविंग झांकी में दिखाई गई श्रीकृष्ण की लीलाएं, बच्चों ने दीं प्रस्तुतियां


लखनऊ के अमीनाबाद रोड स्थित न्यू गणेशगंज में मित्तल परिवार की ओर से चल रहे 6 दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के पांचवें दिन मंगलवार को कालिया मर्दन का प्रसंग डिजिटल मूविंग झांकी में दिखाया गया। लाइट एंड साउंड इफेक्ट के साथ चलती-फिरती झांकियों में श्रीकृष्ण की लीला ने भक्तों का ध्यान खींचा। डिजिटल झांकी में दिखाया गया कि यमुना में रहने वाले विषैले कालिया नाग के कारण नदी का पानी दूषित हो गया था। एक दिन श्रीकृष्ण की गेंद यमुना में गिर गई। गेंद निकालने के लिए कान्हा नदी में कूद गए। कालिया नाग ने उन्हें अपनी कुंडली में जकड़ लिया। यमुना का स्वच्छ होने का दृश्य दिखाया श्रीकृष्ण ने अपना शरीर बड़ा कर नाग की पकड़ से खुद को मुक्त किया और उसके फनों पर चढ़कर नृत्य करने लगे। उनके पैरों के प्रहार से कालिया कमजोर पड़ गया। नाग की पत्नियों ने श्रीकृष्ण से दया की प्रार्थना की। इसके बाद कृष्ण ने कालिया को क्षमा करते हुए यमुना छोड़कर समुद्र में जाने का आदेश दिया। झांकी में इसके बाद यमुना के फिर से स्वच्छ होने का दृश्य दिखाया गया। बच्चों ने राधा-कृष्ण के भजनों पर प्रस्तुतियां दीं सांस्कृतिक मंच पर बच्चों ने राधा-कृष्ण के भजनों पर नृत्य और गायन प्रस्तुतियां दीं। जैशनवी कनौजिया, काव्या द्विवेदी, रिया यादव और शिवांशी ने ‘मोहे मोर बनइय्यो राधा अपने वृंदावन को’ पर प्रस्तुति दी। साहू, प्रगति सिंह और परी श्रीवास्तव ने भी भजनों पर प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। झांकी स्थल पर सावन में झूला झूलते राधा-कृष्ण, बाबा अमरनाथ, हनुमान जी के हृदय में राम-सीता और राम नाम जपते तुलसीदास की झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। माखन चोरी पर कन्हैया को छड़ी लेकर दौड़ाती यशोदा और भालू-बंदर नचाते मदारी की झांकी भी लोगों को पसंद आई। इसके अलावा, 20 फीट ऊंचे शिवलिंग से गंगा अवतरण का सेल्फी कॉर्नर भी बनाया गया है। झांकी स्थल को फूल-पत्तियों, एलईडी पैनल, झूमर और रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *