![]()
फतेहपुर के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में परिवार को बंधक बनाकर करीब 4 लाख रुपए की नकदी और जेवर लूटने की घटना का 21 दिन बाद भी खुलासा नहीं हो सका है। बदमाशों ने 21 अगस्त की रात भीटारी गांव में रामकेश दीक्षित के घर धावा बोला था। विरोध करने पर एक महिला के साथ मारपीट कर उसे घायल भी कर दिया था। घटना के बाद से परिवार दहशत में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना के बाद एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने तीन पुलिस टीमें लगाई थीं। इसके बावजूद अब तक बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के करीब 10 किलोमीटर क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। 21 अगस्त की रात अज्ञात बदमाश रामकेश दीक्षित के घर में घुस गए थे। उन्होंने परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया और घर में रखी नकदी और जेवर अपने कब्जे में ले लिए। बदमाश करीब 4 लाख रुपए का सामान लेकर फरार हो गए। इस दौरान परिवार की एक महिला ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गई थी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसपी ने मौके पर पहुंचकर तीन टीमें लगाईं वारदात के बाद एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। उन्होंने मामले के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमों को लगाया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास जानकारी जुटाने के साथ संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस ने गांव और आसपास के इलाकों में लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन अभी तक ऐसा कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है, जिससे बदमाशों तक पहुंचा जा सके। 10 किमी के दायरे में CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस अब आसपास के करीब 10 किलोमीटर क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों पर फोकस कर रही है। घटना के समय संदिग्ध लोगों और वाहनों की आवाजाही का पता लगाने के लिए अलग-अलग स्थानों की फुटेज देखी जा रही है।हालांकि 21 दिन की जांच के बाद भी पुलिस को कोई ऐसा सुराग नहीं मिला है, जिससे वारदात का खुलासा हो सके। पुलिस टीमों को संदिग्ध गतिविधियों और पुराने अपराधियों की जानकारी भी जुटाने में लगाया गया है। परिवार में डर, एसपी बोले- जल्द करेंगे खुलासा घटना के बाद से रामकेश दीक्षित का परिवार डरा हुआ है। रात में घर से बाहर निकलने और अकेले रहने को लेकर परिजन चिंतित हैं। परिवार को अब तक बदमाशों के पकड़े जाने का इंतजार है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की जा रही है। तीन पुलिस टीमें लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Source link
फतेहपुर में परिवार को बंधक बनाकर 4 लाख की लूट:21 दिन बाद भी पुलिस नहीं कर सकी खुलासा, बदमाशों ने महिला को पीटकर किया था घायल