![]()
प्रतापगढ़ के फतनपुर थाने में भ्रष्टाचार के आरोप में मुकदमा दर्ज होने के बाद फरार चल रहे पूर्व एसओ मनीष त्रिपाठी को हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। गिरफ्तारी से बचने के लिए दाखिल की गई उनकी अग्रिम जमानत अर्जी कोर्ट ने सुनवाई के बाद खारिज कर दी। मनीष त्रिपाठी पर चोरी की लकड़ी से लदे ट्रक को थाने लाने के बाद उसे छोड़ने का आरोप है। मामले में फतनपुर थाने के तत्कालीन एसओ मनीष त्रिपाठी और एसआई संतोष वर्मा के खिलाफ 12 अगस्त को भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज किया गया था। यह मुकदमा थाने की महिला मुंशी गीता शर्मा की तहरीर पर दर्ज हुआ था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से दोनों पुलिसकर्मी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। सीओ रानीगंज प्रशांत राज हुड्डा ने बताया कि दोनों उपनिरीक्षकों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उनके संभावित ठिकानों पर नोटिस चस्पा कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। 31 जुलाई को सामने आया था मामला मामला 31 जुलाई का है। बिहार के पटना सिटी निवासी अमन कुमार ने एक ट्रक पर करीब 89 हजार रुपए की जलावन लकड़ी लदवाई थी। लकड़ी को बिहार ले जाया जाना था। आरोप है कि रास्ते में चालक ने लकड़ी बेच दी और ट्रक को खाली कर दिया। अमन कुमार को जब ट्रक में लदी लकड़ी नहीं मिली तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। फतनपुर क्षेत्र में एक ढाबे के पास उन्हें खाली ट्रक खड़ा मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ट्रक को फतनपुर थाने ले आई। अधिकारियों की फटकार के बाद दर्ज हुआ चोरी का मुकदमा आरोप है कि ट्रक थाने पहुंचने के बाद तत्काल मुकदमा दर्ज करने के बजाय उसे छोड़ दिया गया। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंची तो पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई और फटकार लगाई। इसके बाद चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया। हालांकि, आरोप है कि इसके बाद भी पुलिस ने लकड़ी और ट्रक की बरामदगी को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई। इसी पूरे घटनाक्रम को लेकर तत्कालीन एसओ मनीष त्रिपाठी और एसआई संतोष वर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज किया गया। हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत भी नहीं मिली मुकदमा दर्ज होने के बाद दोनों पुलिसकर्मी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गए। पूर्व एसओ मनीष त्रिपाठी ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दाखिल की थी। सुनवाई के बाद कोर्ट ने उनकी अर्जी खारिज कर दी। इससे उनकी गिरफ्तारी की आशंका और बढ़ गई है। संभावित ठिकानों पर नोटिस चस्पा करेगी पुलिस सीओ रानीगंज प्रशांत राज हुड्डा के अनुसार पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है। उनके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस जल्द ही वहां नोटिस चस्पा कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगी।
Source link
भ्रष्टाचार में फरार फतनपुर पूर्व एसओ की अग्रिम-जमानत अर्जी खारिज:89 हजार की लकड़ी से लदे ट्रक को छोड़ा था, अब पुलिस कर रही तलाश