आत्महत्या के लिए उकसाने वाला पति गिरफ्तार:शाहजहांपुर में पत्नी ने फोन पर बात के बाद की थी खुदकुशी, 3 महीने पहले हुई थी शादी


शाहजहांपुर में पत्नी की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार दोपहर 12 बजे आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 29 अगस्त को हुई थी। आरोपी अनुपम दीक्षित खुटार के मोहनपुर गांव का रहने वाला है। मृतका के भाई ने पति पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट का आरोप लगाया था। प्रताड़ना से तंग आकर पूजा ने अपने मायके में भूसे के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी थी। उसकी शादी तीन महीने पहले ही अनुपम से हुई थी। घटना से पहले पूजा ने पति से फोन पर बात की थी। इसके बाद वह खेतों की ओर गई और वापस आकर उसने खुदकुशी कर ली। पूजा पुवायां क्षेत्र के शाहबाजनगर की रहने वाली थी। शादी में करीब 20 लाख रुपये खर्च हुए थे। आरोप है कि पति और उसके परिवार के लोग पूजा को और दहेज के लिए परेशान करते थे। वे उसे जान से मारने की धमकी देते और मारपीट भी करते थे। सबूतों के आधार पर होगी कार्रवाई 29 अगस्त की शाम पूजा अपने मायके में थी। पति से फोन पर बात करते हुए वह घर से खेतों की ओर गई थी। वापस लौटने के बाद उसने घर के पीछे भूसे के कमरे में फांसी लगा ली। परिजनों ने ढूंढने पर उसका शव लटका देखा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और उसका मोबाइल फोन जब्त किया। मोबाइल फोन की जांच में सामने आया कि घटना से पहले उसने पति से फोन पर बात की थी और पति ने उसे आत्महत्या के लिए उकसाया था। पूजा घटना से करीब एक सप्ताह पहले ही अपने मायके आई थी। मृतका की मां ने भी पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। इसके बाद मृतका के भाई ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में टीम लगाई थी। पुवायां पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मोहम्मदी रोड पर अंडरपास से आरोपी पति अनुपम को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *