गोंडा में लूट के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़:जवाबी फायरिंग में बाएं पैर में लगी गोली; 19,500 रुपए, तमंचा-कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद


गोंडा में शराब सेल्समैन से 70 हजार रुपए की लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी यश प्रताप सिंह की सोमवार तड़के पुलिस से मुठभेड़ हो गई। नगर कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने लालपुर खालसा तिराहा के पास उसे घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर को गोंडा-लखनऊ हाईवे पर लालपुर चंद्रभान के पास रुद्रपुर विषय कंपोजिट शराब की दुकान के सेल्समैन अंकित गुप्ता के साथ लूट हुई थी। आरोप है कि बदमाशों ने मारपीट कर उनसे 70 हजार रुपए लूट लिए थे। घटना के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। यश प्रताप सिंह इस मामले में फरार चल रहा था। तड़के 3 बजे घेराबंदी, पुलिस पर फायरिंग का आरोप सोमवार तड़के करीब 3 बजे पुलिस को सूचना मिली कि यश प्रताप सिंह लालपुर खालसा तिराहा के आसपास मौजूद है। सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर यश प्रताप सिंह ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। लूट के 19,500 रुपए और तमंचा बरामद पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से लूट के 19,500 रुपए बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा एक तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की बाइक भी मिली है। पुलिस बरामद रकम और अन्य सामान को लूट की घटना से जोड़कर जांच कर रही है। मुठभेड़ का वीडियो भी सामने आया मुठभेड़ के बाद का एक वीडियो सामने आया है। इसमें गोली लगने के बाद युवक जमीन पर पड़ा दिखाई दे रहा है। पुलिसकर्मी उसे उठाते हुए नजर आ रहे हैं और उसके पैर में गमछा बांधा जा रहा है। इसके बाद उसे ले जाते समय जेब की तलाशी लेकर रुपए बरामद किए जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि लूट की घटना का खुलासा करते हुए यश प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *