बदायूं में मुठभेड़ के बाद भैंस चोरी का आरोपी पकड़ा:38 मुकदमे हैं हिस्ट्रीशीटर पर दर्ज, दोनों पैरों में लगी गोली, सिपाही भी घायल


बदायूं में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद भैंस चोरी के एक आरोपी हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गिरफ्तार किया है। बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी है। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। घायल बदमाश और पुलिसकर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बदमाश के पास से 315 बोर का तमंचा, तीन खाली कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर की अपाचे बाइक मिली है। यह घटना इस्लामनगर थाना क्षेत्र के बिसौली रोड पर भवानीपुर के पास हुई। पुलिस टीम वहां गाड़ियों की जांच कर रही थी। तभी एक बाइक सवार आता दिखा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुका नहीं और पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। इस फायरिंग में सिपाही काले सिंह को गोली लग गई। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिससे बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी। पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम शौकीन उर्फ शानू उर्फ शौकत बताया। वह इस्लामनगर के मोहल्ला मुस्तफाबाद का रहने वाला है। वह हिस्ट्रीशीटर है और भैंस चोरी के दो मामलों में पुलिस उसे ढूंढ रही थी। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल बदमाश शौकीन उर्फ शानू और सिपाही काले सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस की जांच में पता चला है कि शौकीन के खिलाफ इस्लामनगर थाने में 38 मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ चोरी, अवैध हथियार रखने, गिरोह बनाकर अपराध करने, नशीले पदार्थ बेचने और लूटपाट जैसे कई मामले दर्ज हैं। एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि भैंस चोरी के मामले में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर को मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया है। सिपाही काले सिंह और बदमाश दोनों घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *