![]()
बलिया में शिक्षक दिवस के अवसर पर ‘मंगल पांडेय विचार मंच’ के सदस्यों ने एक सराहनीय पहल करते हुए क्षेत्र के अति बुजुर्ग सेवानिवृत्त शिक्षकों के आवास पर जाकर उनका हाल-चाल जाना। मंच के प्रतिनिधियों ने गुरुजनों को माल्यार्पण करने के साथ ही स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्रम भेंट कर भावभीनी वंदना की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मंच के सदस्यों ने अपने गुरुजन गोपालजी शर्मा, कमला शंकर ओझा, अवध बिहारी चौबे, श्रीकांत चौबे एवं लाल बच्चन ठाकुर के घर जाकर उनका कुशल-क्षेम पूछा। वर्षों बाद अपने पढ़ाए हुए शिष्यों को अपने बीच पाकर बुजुर्ग शिक्षक अत्यंत भावुक हो उठे और उन्होंने अपने शिष्यों को दिल खोलकर आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक चिंतक बब्बन विद्यार्थी ने कहा कि “गुरु और शिष्य का संबंध अटूट तथा जीवन पर्यंत चलने वाला होता है। गुरु द्वारा दिखाई गई राह और दिए गए संस्कार ही जीवन के हर मोड़ पर मार्गदर्शन करते हैं। आज समाज का प्रत्येक व्यक्ति यदि सफलता के शिखर पर है, तो उसमें शिक्षकों का अतुलनीय योगदान है। इसलिए हमारा नैतिक कर्तव्य बनता है कि हम समय-समय पर अपने बुजुर्ग शिक्षकों का हाल लेते रहें।” इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख दिनेश पाठक, रणजीत सिंह, अरुणेश पाठक, शंकर प्रसाद चौरसिया, रामजी गिरी एवं मुमताज शाह सहित विचार मंच के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में समाज से अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव बनाए रखने की अपील की।
Source link
बलिया में बुजुर्ग शिक्षकों का सम्मान:मंगल पांडेय विचार मंच ने घर पहुंचकर गुरुजनों से लिया आशीर्वाद