![]()
बरेली में भारतीय किसान यूनियन चढूनी ने शनिवार को प्रदर्शन किया। किसान हाथों में गन्ना लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को नौ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन दिया। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। किसानों ने बताया कि वे पहले भी कई बार अपनी समस्याओं को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन दे चुके हैं। हर बार आश्वासन मिलने के बावजूद उनकी समस्याएं हल नहीं हुईं। इससे किसानों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। प्रदर्शन कर रहे किसानों ने गन्ने का रेट बढ़ाने की मांग की। उनका कहना था कि चीनी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन किसानों को गन्ने का सही दाम नहीं मिल रहा। किसानों ने चीनी का मूल्य 31 रुपये प्रति किलोग्राम करने की मांग भी की। इसके साथ ही चीनी मिलों पर किसानों का बकाया गन्ना भुगतान जल्द करने की मांग की गई। किसानों ने मुड़िया अहमदनगर की खराब सड़क का मुद्दा भी ज्ञापन में उठाया। उनका कहना था कि रास्ता खराब होने के कारण स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों को भी परेशानी हो रही है। किसानों ने सड़क की समस्या का पक्का समाधान कराने की मांग की। किसानों ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर भी अपनी चिंता जताई। उन्होंने मांग की कि इस समझौते का असर किसानों के फायदे पर नहीं पड़ना चाहिए। इसे किसानों के लिए किसी तरह के ‘डेथ वारंट’ की तरह लागू नहीं होना चाहिए। भाकियू चढूनी ने चेतावनी दी कि अगर सरकार और प्रशासन ने नौ सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की तो किसान आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। किसानों ने साफ कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, उन्हें अपनी समस्याओं का जमीन पर समाधान चाहिए।
Source link
किसान हाथों में गन्ना लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे:गन्ने के दाम और बकाया भुगतान समेत नौ सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई की मांग