![]()
कन्नौज जिला मुख्यालय से सटे प्राथमिक विद्यालय रामपुर का बुरा हाल है। यहां जिम्मेदारों की संवेदनहीनता के चलते बच्चे स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं। स्कूल गेट से लेकर बाउंड्री के आसपास जलभराव है। पड़ोसी के मकान के बाहर कीचड़ के पास बच्चे खुले आसमान के नीचे पढ़ने को विवश हैं। अटेंडेंस रजिस्टर लाने के लिए शिक्षकों को सीढ़ी लगाकर बाउंड्री पार करनी पड़ रही है। विद्यालय में यह समस्या 14 साल से है। प्रधानाध्यापक इसके समाधान के लिए 25 से अधिक पत्र लिख चुके हैं, लेकिन हालात जस के तस हैं। प्राथमिक विद्यालय रामपुर का निर्माण वर्ष 1992 में हुआ था। विद्यालय के गेट से सटा हुआ एक बड़ा तालाब है, जबकि आसपास खेत हैं। हर साल बारिश के समय यहां पानी भर जाता है, जिस कारण बच्चे विद्यालय नहीं पहुंच पाते। इस साल भी बारिश के मौसम में बच्चे विद्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं, क्योंकि तालाब ओवरफ्लो है और गेट समेत बाउंड्री का कुछ हिस्सा पानी में डूबा है। इसी वजह से प्रधानाचार्य राघव शरण कश्यप विद्यालय से पहले एक मकान के बाहर बच्चों को खुले में बैठाकर पढ़ाने को विवश हैं। यहां घास-फूस और कीचड़ के कारण बच्चों के लिए खतरा बना हुआ है। अटेंडेंस रजिस्टर और अन्य अभिलेख विद्यालय में रखने व बाहर लाने के लिए शिक्षकों को सीढ़ी का सहारा लेना पड़ता है, जिस पर चढ़कर बाउंड्री पार कर वे किसी तरह स्कूल में पहुंच पाते हैं। महिला शिक्षकों के लिए विद्यालय के अंदर पहुंचना नामुमकिन सा है। सड़क से विद्यालय तक कोई रास्ता नहीं रामपुर गांव की सड़क से प्राथमिक विद्यालय करीब 200 मीटर दूर है। विद्यालय तक जाने के लिए तालाब के किनारे पगडंडी जैसा रास्ता है। इस रास्ते की शुरुआत में सड़क किनारे प्लॉटिंग कर ली गई है और 2 से 3 फीट तक नींव/निहाफ भरवा दी गई है, जिस कारण बच्चों और शिक्षकों को दीवार फांदकर स्कूल तक पहुंचना पड़ता है। पगडंडी के रास्ते पर जलभराव होने से यहां के हालात और खराब हो जाते हैं। 12 वर्षों से शिकायती पत्र देते आ रहे प्रधानाध्यापक स्कूल के लिए कोई रास्ता न होने के कारण बच्चों के साथ-साथ शिक्षकों को भी दिक्कतें हो रही हैं। विद्यालय में प्रधानाध्यापक का पदभार ग्रहण करने के बाद से ही राघव शरण कश्यप ने 25 से अधिक शिकायती पत्र एबीएसए, बीएसए, एसडीएम, सीडीओ और डीएम समेत कई अधिकारियों को सौंपे तथा रजिस्टर्ड डाक से भी भेजे, लेकिन इस समस्या पर किसी अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया। आईजीआरएस पर हुआ फर्जी निस्तारण अधिकारियों द्वारा शिक्षकों और बच्चों की समस्याओं पर ध्यान न दिए जाने से परेशान होकर प्रधानाध्यापक राघव शरण कश्यप ने 24 जून 2023 को आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने पोर्टल पर फर्जी रिपोर्ट लगाते हुए शिकायत का निस्तारण दर्शा दिया। प्रधानाध्यापक ने इसके बावजूद सीडीओ को पत्र लिखा तो तत्कालीन बीएसए के.के. ओझा ने पत्र में प्रधानाध्यापक की भाषा को गलत बताते हुए स्पष्टीकरण मांग लिया। इस मामले को लेकर दैनिक भास्कर ने कन्नौज के बीजेपी विधायक व समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण से बात करने का प्रयास किया तो कॉल उनके सहयोगी ने रिसीव की और बताया कि मंत्री जी फ्लाइट में हैं और दिल्ली जा रहे हैं। कुछ देर बाद बात हो सकेगी।
Source link
स्कूल बंद, कीचड़ के पास पढ़ रहे बच्चे:कन्नौज के रामपुर में 14 साल से जलभराव, प्रधानाध्यापक के 25 पत्र भी बेअसर