6 सितंबर से फिर होगी भारी बारिश:मानसून के दौरान लखनऊ में 608.9 मिलीमीटर बरसात, आज सुबह से धूप छांव का असर


लखनऊ में देर रात को रिमझिम बारिश हुई। तड़के सुबह से बादल छाए रहने के साथ धूप भी निकल रही। मौसम विभाग ने दिन में बारिश के आसार जताए हैं। दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास बना रहेगा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री रहा। यह सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहा। यह सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा। अधिकतम आर्द्रता 92 फीसदी व न्यूनतम आर्द्रता 74 फीसदी रहा है। लखनऊ में 3 सितंबर से 4 सितंबर सुबह साढ़े आठ बजे तक 10.8 मिलीमीटर बारिश हुई। जबकि सामान्य बारिश का औसत 4.6 मिलीमीटर है। यह सामान्य से 134 फीसदी अधिक रहा। मानसून के दौरान 1 जून से लेकर 4 सितंबर तक कुल 608.9 मिलीमीटर बारिश हुई। जबकि सामान्य बारिश का औसत 543.9 मिलीमीटर रहा है। यह सामान्य से 12 फीसदी अधिक रहा। 6 से 8 सितंबर के बीच फिर होगी भारी बारिश मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। अगले 48 घंटों के दौरान इसके मध्य प्रदेश के उत्तर-मध्य भाग में बने रहने की उम्मीद है। इस सिस्टम के प्रभाव से फिलहाल भारी बारिश का दौर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक सीमित रहेगा। इसके बाद मौसम प्रणाली के मुड़ने की वजह से 6 से 8 सितंबर के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में एक बार फिर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि 8 सितंबर के बाद इस मौसमी प्रणाली (वेदर सिस्टम) का असर कम हो जाएगा। इसके बाद प्रदेश भर में बारिश की गतिविधियों में काफी कमी आएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *