![]()
अमेठी में लगातार हो रही बारिश के कारण गोमती नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। आपदा प्रभारी रामशंकर ने बताया कि गोमती नदी के किनारे रहने वाले सभी लोग सावधानी बरतें। उन्होंने लोगों से नदी में नाव चलाने, तैरने और पशुओं को नहलाने से बचने को कहा है। उन्होंने यह भी बताया कि अगर नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता है और किसी सीमावर्ती गांव में कटान की आशंका होती है, तो संबंधित व्यक्ति या ग्राम प्रधान तुरंत लेखपाल और तहसील प्रशासन को सूचना दें। ऐसा करने से समय पर जरूरी कार्रवाई की जा सकेगी। संभावित आपदा से निपटने के लिए जिले में 15 नावें तैयार रखी गई हैं। इसके अलावा, जरूरत पड़ने पर मदद के लिए अयोध्या में सेना कोर से भी संपर्क किया गया है। प्रशासन नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रख रहा है। सभी संबंधित विभागों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। रामशंकर ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि समय पर राहत और बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।
Source link
अमेठी में बढ़ रहा गोमती का जलस्तर:नदी किनारे रहने वालों को प्रशासन ने किया अलर्ट, 15 नावें तैयार