मथुरा रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ते समय हादसा:50 मीटर तक घसीटता चला गया यात्री; आरपीएफ जवान ने दौड़कर बचाई यात्री की जान


मथुरा में सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसल गया। वह ट्रेन के गेट से लटक गया और करीब 50 मीटर तक घसीटता रहा। उसकी जान खतरे में थी। यह देखकर मौके पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल हरकेश मीना ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने यात्री को पकड़कर सुरक्षित ट्रेन से दूर खींच लिया। उनकी सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। मंगलवार को रात करीब 10:00 बजे इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है यह घटना 31 अगस्त की है। मथुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर चार से ट्रेन संख्या 14726 मथुरा-भिवानी पैसेंजर रवाना हो रही थी। ट्रेन के चलने के दौरान पीछे के जनरल कोच में एक यात्री ने उसमें चढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खो बैठा। यात्री ट्रेन के गेट से लटक गया। ट्रेन की रफ्तार बढ़ने के साथ ही हालात और खतरनाक हो गए। उस समय आरपीएफ कांस्टेबल हरकेश मीना ड्यूटी पर तैनात थे। यात्री को लटकता देख उन्होंने तुरंत खतरा भांप लिया। अपनी जान की परवाह किए बिना वह यात्री की ओर दौड़े। उन्होंने उसे पकड़कर पूरी ताकत लगाकर ट्रेन से सुरक्षित दूरी पर खींच लिया। थोड़ी सी भी देर यात्री की जान ले सकती थी, लेकिन कांस्टेबल की तत्परता से उसकी जिंदगी बच गई। हादसे के बाद यात्री बहुत घबरा गया था। वह अपना नाम-पता भी नहीं बता पा रहा था। आरपीएफ जवानों ने उसे संभाला और प्राथमिक उपचार देने की पेशकश की। हालांकि, यात्री ने इलाज लेने से मना कर दिया। इसके बाद उसे सुरक्षित ट्रेन में बैठाकर उसके आगे के सफर के लिए रवाना कर दिया गया। घटना के बाद यात्रियों ने कांस्टेबल हरकेश मीना के साहस और काम के प्रति ईमानदारी की तारीफ की। रेलवे और आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें। ऐसी लापरवाही जानलेवा हो सकती है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *