जन्माष्टमी को लेकर सोनभद्र के बाजारों में रौनक बढ़ी:मंदिरों में शुरू हुई भव्य सजावट


सोनभद्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। पर्व नजदीक आते ही जिलेभर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। भगवान श्रीकृष्ण की झांकी सजाने के लिए लोग सजावटी सामान, रंग-बिरंगी लाइटें, फूल-मालाएं, पालना, मुकुट, बांसुरी और मोरपंख सहित पूजन सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं। शहर के प्रमुख मंदिरों में भी जन्माष्टमी को लेकर विशेष तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंदिरों की साफ-सफाई के साथ रंग-बिरंगी झालरों और विद्युत सजावट का काम किया जा रहा है। कई मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की आकर्षक झांकी सजाने की तैयारी चल रही है। मंदिर समितियों द्वारा जन्मोत्सव के दौरान विशेष पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन की भी व्यवस्था की जा रही है।
बाजारों में श्रीकृष्ण की विभिन्न आकार की प्रतिमाओं और झांकी सजाने के सामान की मांग बढ़ गई है। दुकानदारों ने जन्माष्टमी के लिए अपनी दुकानें सजा ली हैं। बाजार में 20 रुपये से लेकर 1500 रुपये तक की श्रीकृष्ण की मूर्तियां उपलब्ध हैं। श्रद्धालु अपने घरों में लड्डू गोपाल के लिए सुंदर पालना और झांकी तैयार करने हेतु भी खरीदारी कर रहे हैं।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों और घरों में आकर्षक झांकियां सजाने की परंपरा रही है। पंडित विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जन्माष्टमी का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचेंगे। पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में बाजारों में खरीदारी और मंदिरों में सजावट का काम और तेज होगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *