![]()
यूपी के बरेली में नगर निगम द्वारा संचालित कान्हा उपवन गौशाला में पिछले तीन दिनों में कई गौवंशों की मौत से हड़कंप मच गया है। गौशाला में अव्यवस्थाओं और लापरवाही के चलते तड़प-तड़प कर दम तोड़ने वाले गौवंशों के शवों को जब गुपचुप तरीके से ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर दबाने ले जाया जा रहा था, तब गौरक्षकों ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।
इसके बाद देर रात तक गौरक्षकों और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों के काफी समझाने और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिखित आश्वासन के बाद ही धरना समाप्त हुआ। पुलिस ने इस मामले में भूसा सप्लाई करने वाले शहर के नामचीन व्यापारियों और गौशाला स्टाफ के खिलाफ सीबीगंज थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गंभीर आरोप: सड़ा हुआ भूसा खिलाना, पीने के पानी की व्यवस्था न होना, पशु क्रूरता और कीचड़-गंदगी के बीच तड़पने के लिए छोड़ना। ट्रॉली में तिरपाल के नीचे छिपे थे शव, ऐसे खुला राज
शिकायतकर्ता निर्दोष राठौर के मुताबिक, कान्हा उपवन गौशाला से एक अत्यंत दयनीय और चिंताजनक मामला सामने आया है। नगर निगम की एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में तिरपाल से ढककर 7 से 8 मृत गौवंशों को बाहर ले जाया जा रहा था। ये सभी शव कीचड़ से सने हुए थे और अत्यंत दयनीय स्थिति में थे। इन्हें गुपचुप तरीके से परिसर से बाहर दबाने की तैयारी थी। गौरक्षकों ने जब इस ट्रॉली को ग्राम नंदौसी से लैब की तरफ जाने वाले रास्ते पर रोका, तो अंदर का नजारा देखकर उनका गुस्सा भड़क गया। इसके बाद तुरंत पुलिस और प्रशासन के उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई। गौशाला के अंदर का खौफनाक मंजर: न चारा, न पानी
हंगामे के बाद जब गौरक्षक और प्रशासनिक अधिकारी गौशाला के अंदर दाखिल हुए, तो वहां का मंजर बेहद डरावना था। गौशाला के अंदर अत्यधिक कीचड़ और गंदगी थी, जिसमें कमजोर और बीमार गायें फंसी हुई थीं। गौवंशों को खिलाने के लिए जो भूसा रखा था, वह पूरी तरह सड़ चुका था। मौके पर चारे और पीने के साफ पानी की कोई व्यवस्था नहीं मिली। बीमार और घायल गायें बिना इलाज के दम तोड़ रही थीं। इन रसूखदारों और जिम्मेदारों पर दर्ज हुई FIR
गौरक्षकों के भारी आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने सीबीगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में शहर के बड़े भूसा सप्लायरों और गौशाला प्रबंधन को नामजद किया गया है:
रचित अग्रवाल (फर्म: आर.के. एंटरप्राइजेज) – भूसा सप्लायर
विशाल मल्होत्रा – भूसा सप्लायर
विजय उर्फ बनवारी – गौशाला सुपरवाइजर
अज्ञात केयरटेकर और संचालक
इन सभी पर पशु क्रूरता, लापरवाही और गौवंशों की मौत के लिए जिम्मेदार होने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। गौरक्षकों की मांग: सामने हो पोस्टमार्टम, मिले सख्त सजा
गौरक्षक निर्दोष राठौर ने पुलिस को दी तहरीर में मांग की है कि मृत गायों का पोस्टमार्टम अनिवार्य रूप से गौरक्षकों की मौजूदगी में कराया जाए। उन्होंने कहा कि हमारे पास मौके के वीडियो, तस्वीरें और चश्मदीद गवाह मौजूद हैं, जिन्हें हम विवेचना के दौरान पुलिस को सौंपेंगे। गौमाता के साथ इस तरह की क्रूरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस का पक्ष
सीबीगंज थाना पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और गौशाला की व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए नगर निगम को भी निर्देशित किया गया है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
कान्हा उपवन में तड़पकर मरे गौवंश, FIR:सड़ा भूसा देने वाले नामचीन कारोबारियों पर FIR; ट्रॉली में भरकर ले जा रहे थे 8 शव