बदायूं में गंगा कटान जारी, पंचायतघर भी नदी में समाया:जलस्तर घटने के बावजूद कछला क्षेत्र में तेज हुआ भू-कटाव


बदायूं में गंगा का जलस्तर घटने के बावजूद भू-कटाव तेज हो गया है। उसहैत क्षेत्र के कदमनगला गांव में शुक्रवार को पंचायतघर भी गंगा नदी में समा गया। इससे पहले गांव का स्कूल, खेत और कई घर नदी की भेंट चढ़ चुके हैं। कछला पुल पर शुक्रवार शाम छह बजे गंगा का जलस्तर 162.23 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 162.40 मीटर से 17 सेंटीमीटर नीचे है। जलस्तर में गिरावट के बावजूद गंगा की तेज धार किनारों पर लगातार कटान कर रही है, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कदमनगला गांव में लगातार हो रहे भू-कटाव से गांव के अस्तित्व पर संकट मंडरा रहा है। बचे हुए घरों और कृषि भूमि पर भी खतरा बना हुआ है, जिससे ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार शाम छह बजे नरौरा से 96,219 क्यूसेक, बिजनौर से 63,026 क्यूसेक और हरिद्वार से 56,457 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पानी घटने के साथ कटान और भी ज्यादा खतरनाक हो गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *