![]()
आगरा में भाई-बहन के अटूट प्रेम के प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व शुक्रवार को शहर भर में धूमधाम से मनाया जा रहा है। हर गली-मोहल्ले में उत्साह का माहौल है, लेकिन इस पर्व की सबसे भावुक तस्वीर आगरा जिला जेल में देखने को मिली। यहां सुबह से ही सैकड़ों बहनें अपने बंदी भाइयों की कलाई पर राखी बांधने पहुंचीं। जेल प्रशासन के मुताबिक, राखी बांधने का सिलसिला सुबह 6 बजे शुभ मुहूर्त से शुरू हो गया। बहनों की लंबी कतारें जेल के मुख्य गेट के बाहर लगी रहीं। यह क्रम दोपहर 2 से 3 बजे तक चलता रहेगा। कई बहनें अपने भाइयों के लिए घेवर, मिठाइयां और पसंदीदा व्यंजन लेकर पहुंची थीं। राखी बांधते ही कई बहनों और भाइयों की आंखें नम हो गईं। जिला प्रशासन ने त्योहार को देखते हुए जेल के बाहर ही राखी और मिठाइयों की अस्थायी दुकानें लगवाई थीं, ताकि दूर-दराज से आई बहनों को परेशानी न हो। वहीं सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ कड़ी चेकिंग के बाद ही बहनों को अंदर जाने दिया गया। जलपान की नि:शुल्क व्यवस्था
इस मौके पर उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति ने मानवता की मिसाल पेश की। समिति की ओर से जेल के बाहर बहनों के लिए नि:शुल्क जलपान की व्यवस्था की गई। चाय-पकौड़े, केले, बिस्किट और पानी के स्टॉल लगाए गए, जहां राखी बांधने आईं बहनों ने जलपान किया। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी उनका प्रयास है कि त्योहार के दिन किसी बहन को भूखे-प्यासे इंतजार न करना पड़े। जेल अधीक्षक ने बताया कि रक्षाबंधन पर बंदी भाइयों से मिलने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। हर मुलाकात पर नजर रखी जा रही है, लेकिन त्योहार की गरिमा को बनाए रखने के लिए माहौल को सहज रखा गया है। कुल मिलाकर जेल की ऊंची दीवारों और सलाखों के बीच भी शुक्रवार को रक्षाबंधन का उल्लास और भाई-बहन के रिश्ते की मिठास साफ महसूस की गई।
Source link
जेल की सलाखों में महका भाई-बहन के प्यार का पर्व:आगरा जिला जेल में बहनों ने बंदी भाइयों को बांधी राखी, नि:शुल्क जलपान की व्यवस्था