![]()
महोबा में रात भर हुई भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बिलबई तिराहे के पास एक पुलिया टूटने से ऐतिहासिक कीरत सागर तालाब का पानी मुख्य सड़क पर आ गया, जिससे फतेहपुर, चरखारी और हमीरपुर मार्ग बंद हो गए। शहर के आलमपुरा इलाके में भी लगभग 200 मकान जलमग्न हो गए हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मूसलाधार बारिश के कारण शहर की रफ्तार पूरी तरह थम गई है। निचले इलाकों में गंभीर जलभराव देखा गया। बिलबई तिराहे के पास जलभराव के दबाव से सड़क की पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिया टूटने के बाद कीरत सागर का पानी तेजी से सड़क पर फैल गया, जिससे करीब डेढ़ फीट पानी बहने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग लगाकर सुरक्षा बल तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी छोटे बच्चों को गोद में उठाकर सुरक्षित रास्ता पार करा रहे हैं। यह मार्ग फतेहपुर बजरिया, प्रेमनगर, चरखारी, मुस्कुरा और हमीरपुर जैसे महत्वपूर्ण ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ता है। यातायात बंद होने से महोबा रेलवे जंक्शन पहुंचने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। वाहन न मिलने के कारण यात्री अपने सामान और बच्चों के साथ जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से निकलने को मजबूर हैं। वहीं, आलमपुरा इलाके में सिंचाई विभाग और स्थानीय प्रशासन की कथित लापरवाही के कारण स्थिति और बिगड़ गई है। पानी की उचित निकासी न होने से यह पूरा क्षेत्र जलमग्न हो गया है, जिससे लगभग 200 घरों में पानी भर गया और गृहस्थी का सामान बर्बाद हो गया। अधिकारी मौके पर राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। यहां लगभग 200 घरों के भीतर कई फीट पानी भर गया है, जिससे अनाज, कपड़े और गृहस्थी का सारा कीमती सामान पूरी तरह बर्बाद हो गया। एक मंजिल वाले मकानों के लोग छतों पर शरण लिए हुए हैं, वहीं दो मंजिला मकान वाले ऊपरी हिस्सों में खुद को सुरक्षित करने में जुटे हैं।हालात की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी रविकांत गौड़ और ईओ अवधेश कुमार प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर डटे हुए हैं और जल निकासी व राहत कार्यों में जुटे हैं।
Source link
महोबा में पुलिया टूटी, सड़क पर बह रहा पानी:200 मकान जलमग्न, फतेहपुर-चरखारी मार्ग बंद