फर्रुखाबाद में पेट्रोल पंप पर कम पेट्रोल देने का आरोप:आपूर्ति विभाग ने की जांच, एक नोजल बंद किया गया


फर्रुखाबाद के फतेहगढ़-फर्रुखाबाद मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप पर मंगलवार शाम ग्राहक ने कम पेट्रोल देने का आरोप लगाया। शिकायत के बाद पुलिस और आपूर्ति विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेट्रोल पंप की मशीनों की जांच की। करीब एक घंटे चली जांच के बाद संबंधित नोजल को बंद कर दिया गया। हरदोई के गदनपुर निवासी जगपाल अपने साथी सुरजीत और सुधीर के साथ फर्रुखाबाद आए थे। उन्होंने पेट्रोल पंप पर बाइक में 200 रुपये का पेट्रोल डलवाया। जगपाल का आरोप था कि मीटर के अनुसार पेट्रोल की मात्रा कम मिली। कर्मचारियों से शिकायत के बाद सुनवाई न होने पर उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आपूर्ति विभाग को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पूर्ति निरीक्षक समेत विभागीय कर्मचारी पेट्रोल पंप पहुंचे। ग्राहक के आरोप की जांच के दौरान बाइक से पेट्रोल निकालकर माप किया गया। मौके पर मौजूद ग्राहक के अनुसार, माप में एक लीटर पेट्रोल कम मिला। इसके बाद आपूर्ति विभाग की टीम ने पेट्रोल पंप की सभी मशीनों और नोजल की करीब एक घंटे तक जांच की। जांच के बाद जिस नोजल से पेट्रोल डाला गया था, उसे बंद कर दिया गया। पंप संचालक ने कहा- मेजर सही मिला पेट्रोल पंप स्वामी अंचित अग्रवाल ने ग्राहक के आरोप को गलत बताया। उन्होंने कहा कि संबंधित मशीन की जांच अधिकारियों ने की और उसका मेजर सही पाया गया। उनके अनुसार, ग्राहक का कहना था कि बाइक में 200 रुपये का पेट्रोल डलवाने के बावजूद मात्रा कम है। वहीं पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि जांच के दौरान पेट्रोल का मेजर सही पाया गया है। हालांकि संबंधित नोजल को बंद कर दिया गया है। कंपनी के सेल्समैन और बांट-माप विभाग की टीम को शामिल करते हुए संयुक्त कमेटी से आगे की जांच कराई जाएगी। बाइक की टंकी खुलवाने पर भी हुई चर्चा जांच के दौरान पेट्रोल पंप संचालक और कर्मचारियों ने बाइक की टंकी खुलवाकर पेट्रोल की स्थिति जांचने की बात कही। शुरुआत में ग्राहक ने टंकी खुलवाने से इनकार किया। बाद में मिस्त्री को बुलाया गया और वह टंकी खुलवाने के लिए तैयार हुआ, लेकिन अंततः बाइक की टंकी नहीं खोली गई। आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मौके पर की गई जांच में घटतौली की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद पेट्रोल पंप संचालक की ओर से ग्राहक की बाइक में 200 रुपये का पेट्रोल डलवाया गया, जिसके बाद वह वहां से चला गया। संयुक्त जांच कमेटी की रिपोर्ट के बाद ही मामले की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *