कानपुर में प्लॉट के नाम पर 38 लाख की धोखाधड़ी:233 गज का प्लॉट बताकर 38 लाख लिए, दस्तावेज में 133 गज का निकला बैनामा


कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में विवादित प्लाट का सौदा कर 38 लाख रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। प्रतापगढ़ निवासी शंकरलाल की तहरीर पर कल्याणपुर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने 233 वर्गगज का प्लाट बताकर रकम ले ली, लेकिन दस्तावेजों की जांच कराने पर पता चला कि केवल 133 वर्गगज का ही बैनामा कराया गया है। रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। 25.50 लाख नकद, 12.50 लाख RTGS से दिए शंकरलाल ने पुलिस को बताया कि उनके भाई रामदेव चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में कार्यरत हैं। भाई के कानपुर में रहने के कारण उनका भी यहां आना-जाना होता था। इसी दौरान उनकी मुलाकात अनुज यादव और उसके मामा हसनू से हुई। आरोप है कि हसनू ने उन्हें कल्याणपुर के मिर्जापुर में 233 वर्गगज का प्लाट दिखाया। इसके बाद उनकी मुलाकात राधेश्याम और उसके बेटे कुलदीप से कराई गई। दोनों ने प्लाट की कीमत 38 लाख रुपए बताई। शंकरलाल के मुताबिक, पत्नी सीता देवी के नाम प्लाट खरीदने के लिए उन्होंने 25.50 लाख रुपए नकद और 12.50 लाख रुपए राधेश्याम के बैंक खाते में RTGS से दिए। स्टांप, रजिस्ट्री और अन्य खर्चों के नाम पर भी अलग से रकम ली गई। उपनिबंधक कार्यालय बुलाकर कराए हस्ताक्षर शंकरलाल का आरोप है कि 6 सितंबर 2023 को उन्हें उपनिबंधक कार्यालय बुलाया गया। वहां दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करा लिए गए, लेकिन इसके बाद बैनामा और संबंधित दस्तावेज उन्हें उपलब्ध नहीं कराए गए। वह काफी समय तक आरोपियों से संपर्क करते रहे और दस्तावेज मिलने का इंतजार करते रहे। पीड़ित के मुताबिक, बाद में स्थानीय लोगों से पता चला कि जिस प्लाट का सौदा किया गया है, वह विवादित है और उस पर न्यायालय का स्थगन आदेश भी है। कुछ दिन पहले कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) की ओर से प्लाट पर बुलडोजर चलाए जाने की जानकारी भी मिली। इसके बाद शंकरलाल ने अधिवक्ता के माध्यम से दस्तावेजों की जांच कराई। आरोप है कि जांच में सामने आया कि 233 वर्गगज का प्लाट बताकर 38 लाख रुपए लेने के बावजूद संबंधित दस्तावेजों में 133 वर्गगज का ही बैनामा कराया गया है। रुपये मांगे तो धमकी देने का आरोप मामले की जानकारी होने के बाद शंकरलाल ने राधेश्याम और उसके बेटे कुलदीप से रकम वापस मांगी। आरोप है कि दोनों ने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर कल्याणपुर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच की जा रही है। प्लाट से संबंधित अभिलेख, भुगतान और रजिस्ट्री की जानकारी भी जुटाई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *