![]()
फतेहपुर में रक्षाबंधन पर्व से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को दोपहर में करीब 3 बजे के आस पास खागा क्षेत्र में एक मिठाई निर्माण कारखाने और कोल्ड स्टोरेज पर छापेमारी कर लगभग 30 कुंतल दूषित मिठाई नष्ट कराई गई। यह अभियान आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के निर्देश पर चलाया गया। सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय वीरेंद्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में टीम ने खागा थाना क्षेत्र के ग्राम सतनरैनी स्थित बबलू पुत्र थान सिंह द्वारा संचालित मिठाई निर्माण कारखाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मिल्क केक, बर्फी और छेना रसगुल्ला जैसी मिठाइयां अस्वच्छ और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में बनाई जा रही थीं। मिठाइयों के निर्माण में दूध, मिल्क पाउडर, रिफाइंड सोयाबीन तेल और चीनी का उपयोग हो रहा था। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण टीम ने छेना, मिल्क केक, बर्फी और रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। मौके से 134 किलोग्राम रिफाइंड सोयाबीन तेल भी जब्त किया गया। कारखाने में तैयार लगभग 10 कुंतल दूषित मिठाई को तत्काल नष्ट कर दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि इसी कारखाने में बनी मिठाइयों को रक्षाबंधन पर बिक्री के लिए कोडरपुर स्थित पिताम्बरा कोल्ड स्टोरेज में भंडारित किया गया था। टीम ने कोल्ड स्टोरेज पर भी कार्रवाई करते हुए वहां से लगभग 20 कुंतल दूषित मिठाई नष्ट कराई। इस प्रकार, पूरे अभियान में कुल 30 कुंतल दूषित मिठाई नष्ट की गई। कारखाना संचालक को सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है और आवश्यक सुधार होने तक कारखाने को बंद करा दिया गया है। इस कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी खागा अश्वनी पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी खागा रवि सिंह भी मौजूद रहे। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार, धीरज कुमार दीक्षित, दिनेश चंद्र और देवेश मिश्रा शामिल थे।
Source link
फतेहपुर में 30 क्विेटल दूषित मिठाई नष्ट:रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की कार्रवाई, जांच के लिए सैंपल लैब भेजे