![]()
गोरखपुर में 40 करोड़ की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि 400 दिन में जमा रकम दोगुनी करने और प्रतिदिन 0.5 प्रतिशत लाभ देने का झांसा देकर करीब 2000 लोगों के साथ ठगी की घटना हुई है। गोरखपुर और लखनऊ के निवेशकों ने कम्पनी पर रकम हड़पने का आरोप लगाया है। आरोप है कि कंपनी ने निवेशकों को पहले ब्याज का भुगतान किया, लेकिन बाद में कंपनी बंद होने और अन्य बहाने बनाकर मूलधन लौटाना बंद कर दिया। निवेशकों को दिए गए पोस्ट डेटेड चेक भी खाते में पर्याप्त रकम नहीं होने के कारण बाउंस हो रहे हैं। निवेशकों ने कार्रवाई के लिए एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया है। सीएमडी और सहयोगियों पर कसेगा शिकंजा
जालसाजी के शिकार लोगों ने अपने प्रार्थनापत्र में बताया कि कंपनी के सीएमडी और उनके सहयोगियों ने यूपी के विभिन्न जिलों के टीम लीडरों के जरिये लोगों को कंपनी में ऑनलाइन आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराकर निवेश के लिए प्रेरित किया। दावा किया गया कि कंपनी 400 दिन में 0.5 प्रतिशत प्रतिदिन की दर से आय देगी और जमा रकम दोगुनी हो जाएगी। 10 लाख रुपये से कम की जमा राशि की सुरक्षा के लिए नोटरी एफिडेविट और 10 लाख रुपये से अधिक की रकम के लिए जमीन का एग्रीमेंट देने का भी दावा किया।
निवेशकों का आरोप है कि कंपनी ने 11 जनवरी 2026 तक 0.5 प्रतिशत प्रतिदिन की दर से खातों में अर्जित आय का भुगतान किया। इसके बाद सॉफ्टवेयर अपडेट और सीएमडी की पत्नी की शादी की बात कहते हुए भुगतान टाला जाने लगा। अप्रैल 2026 में निवेशकों ने अपनी जमा रकम वापस मांगनी शुरू की। आरोप है कि कंपनी की ओर से लौटाई गई रकम के लिए पोस्ट डेटेड चेक दिए गए, लेकिन खाते में पर्याप्त धनराशि नहीं होने के कारण चेक लगातार बाउंस हो रहे हैं। लखनऊ के आशियाना थाने में भी शिकायत निवेशकों का कहना है कि उन्होंने लखनऊ के आशियाना थाने में भी शिकायत की पर गिरोह के मुख्य सरगना समेत अन्य लोगों के खिलाफ अभी तक कार्रवाई नहीं की गई है और मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उसके बाद गोरखपुर में भी कम्पनी के खिलाफ शिकायत की है। निवेशकों ने अधिकारियों से जमा रकम वापस दिलाने, आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने और कंपनी के निदेशकों की जांच कराने की मांग की है।
Source link
गोरखपुर में 40 करोड़ की ठगी:400 दिन में रकम दोगुना करने का कंपनी ने झांसा दिया, 2 हजार लोग हुए शिकार