सरैयां रेलवे क्रॉसिंग पर आज ट्रैफिक डायवर्जन नहीं:कम जगह में होगा काम, आवाजाही रहेगी सामान्य


उन्नाव के सरैयां रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के काम के कारण सोमवार को प्रस्तावित यातायात प्रतिबंध रद्द कर दिया गया है। आज सरैयां रेलवे क्रॉसिंग पर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही सामान्य रहेगी, जिससे बैराज मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है। निर्माण कार्य के लिए आवश्यक तैयारी पहले ही कर ली गई है। निर्माण एजेंसी ने कम जगह में काम पूरा करने की व्यवस्था की है, जिसके चलते फिलहाल क्रॉसिंग बंद करने की आवश्यकता नहीं होगी। रविवार को आरओबी निर्माण की पूर्व तैयारी के तहत चार गर्डर मौके पर रख दिए गए थे, जिनकी लंबाई करीब 37 मीटर है। सोमवार को चार और गर्डर रखे जाएंगे। उत्तर रेलवे के इंजीनियर अनिल कुमार यादव ने बताया कि आरओबी के रेलवे हिस्से में होने वाले कार्य को देखते हुए सोमवार को क्रॉसिंग बंद रखने की आवश्यकता नहीं है। निर्माण एजेंसी की ओर से कम जगह में काम किए जाने की व्यवस्था की गई है, इसलिए पहले प्रस्तावित यातायात प्रतिबंध लागू नहीं किया जाएगा। पहले रेलवे की ओर से 24 अगस्त सुबह आठ बजे से 25 अगस्त रात आठ बजे तक करीब 36 घंटे के लिए सरैयां रेलवे क्रॉसिंग बंद रखने की योजना बनाई गई थी। रेलवे के उप मुख्य अभियंता निर्माण-चतुर्थ, लखनऊ ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर यातायात प्रतिबंध लागू कराने और पुलिस बल की तैनाती का अनुरोध किया था। इसके तहत मरहला चौराहे से वाहनों को डायवर्ट कर 39 नंबर रेलवे क्रॉसिंग सहजनी की ओर से गुजारे जाने की व्यवस्था प्रस्तावित थी। गर्डर लॉन्चिंग के दौरान भारी मशीनरी और क्रेन के इस्तेमाल को देखते हुए रेलवे क्रॉसिंग बंद करने का निर्णय लिया गया था। हालांकि, अब निर्माण एजेंसी की कार्ययोजना में बदलाव के बाद सोमवार को यातायात चालू रखने का फैसला किया गया है। इससे बैराज मार्ग, सरैयां और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अतिरिक्त दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। रेलवे इंजीनियर अनिल कुमार यादव के अनुसार, फिलहाल सोमवार को सरैयां क्रॉसिंग पर यातायात सामान्य रूप से संचालित होगा। निर्माण कार्य के दौरान स्थिति के अनुसार आगे यातायात प्रतिबंध लगाने की आवश्यकता होने पर संबंधित विभागों को सूचना दी जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *