कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव वरूण चौधरी पहुंचे काशी:​बोले- जरा सी बारिश और सड़कें जलमग्न,बाबा विश्वनाथ का किया दर्शन


कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव एवं प्रयागराज जोन प्रभारी वरुण चौधरी रविवार को अपने दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर काशी पहुंचे। बाबतपुर एयरपोर्ट पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से काशी तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। काशी पहुंचने के बाद वरुण चौधरी ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने संत रविदास मंदिर, सीर गोवर्धनपुर पहुंचकर दर्शन किए। उन्होंने लंका गेट स्थित बीएचयू मुख्य द्वार पर छात्रों से मुलाकात कर संवाद भी किया। वरुण चौधरी बोले- 2014 के वादों और 2026 की हकीकत देखिए वरुण चौधरी ने कहा, “मैं आज वाराणसी में हूं, जो हमारे देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की लोकसभा सीट है। वर्ष 2014 के बाद यहां को बदलने और विकास की बड़ी-बड़ी बातें कही गई थीं। मैं आपको आज इस संसदीय क्षेत्र की हकीकत दिखाना चाहता हूं।” उन्होंने बारिश के बाद सड़कों पर हुए जलभराव की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि थोड़ी सी बारिश में ही वाराणसी की सड़कों का हाल खराब हो गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब विकास के नाम पर करोड़ों रुपये के फंड आने की बात कही जाती है, तो बारिश के बाद शहर में जलभराव की स्थिति क्यों बन रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि वाराणसी को लेकर किए गए वादों और वर्ष 2026 की मौजूदा स्थिति को जनता को खुद देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर पानी भरने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और यह शहर में कराए गए विकास कार्यों पर सवाल खड़ा करता है। सात जिलों के कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक अपने संगठनात्मक दौरे के दौरान वरुण चौधरी ने प्रयागराज जोन के अंतर्गत आने वाले मिर्जापुर, जौनपुर, सोनभद्र, गाजीपुर, चंदौली, भदोही और वाराणसी के कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। बैठकों में संगठन की मौजूदा स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठकों में पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी, जिला-शहर कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी, फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ कांग्रेसजन शामिल हुए। वरुण चौधरी ने नेताओं और कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर की स्थिति और संगठन से जुड़ी समस्याओं को लेकर फीडबैक लिया। ‘संगठन की मजबूती सबसे बड़ी प्राथमिकता’ वरुण चौधरी ने कहा कि संगठन की मजबूती कांग्रेस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। कार्यकर्ताओं की समस्याएं, सुझाव और जमीनी अनुभव संगठन के लिए महत्वपूर्ण हैं। प्राप्त फीडबैक के आधार पर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि लगातार जनता के बीच रहकर उनके मुद्दों और अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, अनुशासन और एकजुटता के साथ काम करने का आह्वान किया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *