महराजगंज में धान के खेत में मिला युवक का शव:गोरखपुर के पीपीगंज का रहने वाला था, पुलिस जांच में जुटी


महराजगंज में पनियरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह धान के खेत में 28 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव रामपुर पट्टे चौराहे के पास मिला। मृतक की पहचान गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र के लोहिया नगर वार्ड नंबर सात निवासी अजय कुमार पुत्र कैलास के रूप में हुई है। सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और पनियरा पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की।
पुलिस के अनुसार, अजय रामपुर पट्टे चौराहे तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। उसकी बाइक भी मौके पर खड़ी मिली है। पुलिस स्वाभाविक मौत के साथ ही अन्य संभावनाओं की जांच कर रही है। हत्या के बाद शव खेत में फेंके जाने की आशंका से भी इनकार नहीं किया गया है। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान अजय कुमार के रूप में हुई है। उसकी मां जयंती देवी को घटना की सूचना दे दी गई है। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया जा रहा है, ताकि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस युवक के घटनास्थल तक पहुंचने, बाइक के वहां मिलने और मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *