![]()
मेरठ के सदर बाजार स्थित क्वींस-2 बार रेस्टोरेंट में गुरुवार शाम शराब के बिल को लेकर नशे में धुत युवकों ने बखेड़ा कर दिया। आठ हजार रुपये का बिल होने के बाद युवक 50 प्रतिशत छूट की मांग पर अड़ गए। स्टाफ ने बार स्वामी से फोन पर बात कराकर पहले युवकों को उनकी मांग के अनुसार छूट भी दिला दी, लेकिन इसके बाद भी युवक दबंगई दिखाने लगे। आरोप है कि उन्होंने स्टाफ से गाली-गलौज और मारपीट की, बार में सामान उठाकर फेंका और बाहर निकलकर ईंट से हमला कर गेट के शीशे तोड़ दिए। विरोध करने पर गोली मारने की धमकी देते हुए आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक स्कूटी कब्जे में ली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। बीयर पी, घंटों बिताए, बिल देने की बात पर आनाकानी शीलकुंज निवासी मुकेश गुप्ता का बेगमपुल रोड पर क्विंस-2 बार रेस्टोरेंट है। गुरुवार शाम करीब चार बजे सात-आठ युवक बार में पहुंचे थे। सभी ने बीयर पी और कई घंटे बिताए। काफी देर बाद जब बिल देने की बात आई तो युवक आनाकानी करने लगे। करीब आठ हजार रुपये का बिल बना था। युवकों ने इसमें छूट की मांग शुरू कर दी। मामला बढ़ने पर बार स्टाफ ने मुकेश गुप्ता से फोन पर उनकी बात कराई। इसके बाद युवकों के कहने पर बिल में छूट भी कर दी गई। छूट के बाद भी नहीं माने, स्टाफ से मारपीट
आरोप है कि छूट मिलने के बावजूद युवक 50 प्रतिशत डिस्काउंट की मांग करने लगे। उन्होंने बार स्टाफ के साथ अभद्रता शुरू कर दी। कर्मचारियों ने समझाने का प्रयास किया तो युवक गाली-गलौज पर उतर आए। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इससे बार के अंदर अफरातफरी मच गई। आरोपियों ने वहां रखा सामान उठाकर फेंकना शुरू कर दिया। स्टाफ ने इसका विरोध किया तो विवाद और बढ़ गया। ईंट से हमला, गेट के शीशे चकनाचूर
बार के अंदर हंगामा करने के बाद आरोपी युवक बाहर की तरफ भागे। आरोप है कि बाहर निकलने के बाद भी उन्होंने कर्मचारियों को गालियां दीं। इसी दौरान एक युवक ने ईंट उठाकर बार की तरफ हमला कर दिया। ईंट लगने से बार के गेट के शीशे चकनाचूर हो गए। स्टाफ ने शोर मचाते हुए युवकों को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी गोली मारने की धमकी देकर वहां से भाग निकले। गोली चलने की सूचना पर दौड़ी पुलिस
घटना के दौरान बार में मौजूद मुकेश गुप्ता के बेटे प्रियांशु ने पुलिस को सूचना दी। किसी व्यक्ति ने पुलिस को गोली चलने की भी सूचना दे दी। इसके बाद सदर बाजार पुलिस कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बार स्टाफ से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। हालांकि बार स्टाफ ने मौके पर गोली चलने की बात से साफ इनकार किया। पुलिस ने स्थिति सामान्य होने के बाद बार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी और आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू किए। स्कूटी छोड़कर भागे आरोपी
पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो चुके थे। मौके पर मिली एक स्कूटी को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। बार स्टाफ का कहना है कि यह स्कूटी आरोपियों में से किसी एक युवक की है। पुलिस अब स्कूटी और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने बार स्वामी से तहरीर देने को कहा है। सीसीटीवी से होगी आरोपियों की पहचान
एसएचओ सदर बाजार अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि- बताया कि बार स्वामी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। तब तक आरोपी युवक भाग चुके थे। मौके से एक स्कूटी कब्जे में ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बिल में छूट ना मिलने पर बार में तोड़फोड़:मेरठ में ईंट मारकर शीशे तोड़े, आठ हजार के बिल पर पहले कराई छूट; फिर दबंगई की