7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के प्रेसिडेंट तमीम इकबाल ने संकेत दिया है कि भारत का बांग्लादेश दौरा फिर टल सकता है।
37 साल के पूर्व बांग्लादेशी कप्तान ने कहा कि सीरीज को लेकर BCB और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के बीच बातचीत चल रही है।
दरअसल, भारत को अगस्त 2025 में बांग्लादेश का दौरा करना था, लेकिन सीरीज को बाद में सितंबर 2026 तक टाल दिया गया।
BCB ने जनवरी में बताया था कि भारत ढाका और चटगांव में 3 वनडे और 3 टी20 मैच खेलेगा। हालांकि, BCCI ने इस दौरे को लेकर अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
भारत के बांग्लादेश दौरे का पहला शेड्यूल, जिसे रद्द किया गया था…

नया शेड्यूल अब तक जारी नहीं
BCB की प्रेस रिलीज के अनुसार सीरीज का पहला वनडे 3 सितंबर को होना है। लेकिन, अब तक नया शेड्यूल जारी नहीं किया है। अभी यह साफ नहीं है कि सीरीज तय कार्यक्रम के अनुसार होगी या नहीं।
पूरा मामला 3 प्वॉइंट्स में समझे
- सीरीज 2024 में होनी थी: दौरा पहले 2024 में होना था। इसी दौरान बांग्लादेश में सरकार विरोधी आंदोलन हुआ और सरकार बदली। फिर टी-20 वर्ल्ड कप से पहले BCCI और BCB के बीच तनाव की स्थिति बनी। इसकी वजह से सीरीज टाल दिया गया था।
- सुरक्षा बड़ा इश्यू: तमीम इकबाल ने बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शामा ओबैद इस्लाम से मुलाकात की। उन्होंने सरकार से कहा है कि वे भारत सरकार से बात करें। उन्होंने भरोसा दिलाने को कहा कि बांग्लादेश में टीम इंडिया पूरी तरह सुरक्षित रहेगी।
- हालात सुधरने पर सीरीज संभव: भारत ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को भारत में होने वाले BRICS सम्मेलन का न्योता दिया है। दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की बातचीत भी हुई है। विशेषज्ञों के अनुसार दोनों देशों के राजनीतिक संबंध सुधरते हैं, तो मैच का रास्ता साफ होगा।
मुस्तफिजुर के हटाने पर रिश्तों में तनाव
IPL 2025 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने BCCI के कहने पर बांग्लादेश के ऑलराउंडर मुस्तफिजुर रहमान को टीम से हटा दिया था।
इसके बाद अमीनुल इस्लाम की अगुआई में BCB ने टी20 वर्ल्ड कप में अपनी टीम नहीं भेजने का फैसला किया था। इस टूर्नामेंट की मेजबानी भारत ने श्रीलंका के साथ मिलकर की थी।
तमीम के प्रेसिडेंट बनने पर सुधरे BCCI-BCB के रिश्ते
तमीम के प्रेसिडेंट बनने पर दोनों बोर्ड के रिश्तों के सुधार आया है। वे इसी महीने की शुरुआत में भारत आए थे।
तमीम 2 महीने पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रेसिडेंट बनाए गए थे। उनका कार्यकाल 4 साल का है। उन्होंने पिछले साल इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था।

—————————————–
भारत के बांग्लादेश दौरे से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
टीम इंडिया के बांग्लादेश दौरे पर सस्पेंस बरकरार; BCB चीफ ने सरकार से मदद मांगी

भारत और बांग्लादेश के बीच सितंबर में होने वाली सीरीज पर सस्पेंस बरकरार है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रेसिडेंट तमीम इकबाल ने अब सरकार से गुहार लगाई है कि वह भारत से बात करे। तमीम विदेश मंत्रालय गए और दौरे के लिए सुरक्षा की गारंटी मांगी। पढ़ें पूरी खबर
