Punjab News | Manpreet Badal Appointed BJP VP; Family Suicide Attempt

.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर भाजपा संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन है। इसमें पंजाब से मनप्रीत बादल और AAP छोड़ भाजपा जॉइन करने वाले डॉ. संदीप पाठक समेत 4 नेताओं को टीम में शामिल किया गया है।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. मनप्रीत बादल BJP उपाध्यक्ष बने, संदीप पाठक सचिव बनाए

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। उनकी नई टीम में पंजाब को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। पंजाब के पूर्व मंत्री मनप्रीत सिंह बादल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

इसके साथ ही AAP छोड़ भाजपा में गए संदीप पाठक को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। वह पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं। चंडीगढ़ के सौदान सिंह को संगठन में राष्ट्रीय सह-महामंत्री बनाया गया। जबकि, पूर्व महामंत्री तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी लगाया है।

मनप्रीत सिंह बादल पंजाब के वित्त मंत्री रहे हैं। वह 5 बार के CM प्रकाश सिंह बादल के भतीजे हैं। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल से अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था। बाद में अलग होकर पीपुल्स पार्टी ऑफ पंजाब (PPP) बनाई और फिर 2016 में अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय कर दिया।

इसके बाद 2017 में कांग्रेस की सरकार बनने पर उन्हें वित्त मंत्री बनाया गया। कांग्रेस से इस्तीफा देने के कुछ ही समय बाद 18 जनवरी 2023 को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में मनप्रीत बादल भाजपा में शामिल हो गए। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल समेत भाजपा के कई नेता इस दौरान मौजूद थे। (पढ़ें पूरी खबर)

2. VHP के राष्ट्रीय महामंत्री बोले- CJP प्रोटेस्ट में हत्यारे-बलात्कारी थे

दिल्ली में जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। परांडे ने कहा कि इस आंदोलन में करीब 2,800 हिस्ट्रीशीटर, 60 हत्यारे और 100 से ज्यादा बलात्कारी शामिल थे।

उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की मौजूदगी वाले आंदोलन को छात्रों या ‘जेन-जी’ का आंदोलन बताना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब में गरीब सिखों का विदेशी फंडिंग के जरिए धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। इन्हें ईसाई बनाने की कोशिशें की जा रही हैं।

परांडे ने ये बातें पठानकोट में रविवार रात को कहीं। यहां उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कई मुद्दों पर बात रखी। (पढ़ें पूरी खबर)

3. परिवार का हाईवोल्टेज ड्रामा, तेल डाल आत्मदाह की कोशिश

अमृतसर के भंडारी पुल पर सोमवार को एक परिवार ने खुद पर तेल डालकर आग लगाने की कोशिश की। परिवार के सदस्यों का आरोप है कि दुकान और जमीन विवाद को लेकर वे लंबे समय से परेशान हैं। उनका कहना है कि पुलिस को कई बार शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए परिवार से तेल छीनकर अपने कब्जे में ले लिया और उन्हें आग लगाने से रोक लिया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने परिवार की शिकायत सुनी और मामले की जांच का भरोसा दिया।

परिवार के मुताबिक, विवाद अमृतसर के कोट बाबा दीप सिंह इलाके की छज्जू मल्ल गली स्थित करीब 10×8 फीट की दुकान और जमीन को लेकर है। व्यक्ति का दावा है कि उसने वर्ष 2009 में यह दुकान अपने परिवार से खरीदी थी। दुकान उसके नाम पर रजिस्टर्ड है। इस मामले को लेकर बी डिवीजन थाने में विवाद चल रहा है। (पढ़ें पूरी खबर)

4. CM के प्रोग्राम में भंगड़ा डालने वाला बोला- मेरे घुटने का ऑपरेशन नहीं हुआ

स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में सेहत विभाग की तरफ से मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना की एक झांकी पेश की गई। झांकी में बुजुर्गों को भंगड़ा डालते हुए दिखाया गया और दावा किया गया कि इस योजना के तहत इनके घुटनों का सफल ऑपरेशन हुआ है।

सरकार ने इस प्रदर्शन को राज्य की स्वास्थ्य क्रांति की बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रचारित किया। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर उस समय बखेड़ा खड़ा हो गया, जब भंगड़ा डालने वाले एक व्यक्ति ने खुद मीडिया के सामने आकर बड़ा खुलासा कर दिया।

उसने साफ कहा- मेरे घुटनों का कोई ऑपरेशन नहीं हुआ। मुझे तो सेहत विभाग के मास मीडिया अफसर ने बुलाया था और वहां भंगड़ा करने को कहा था। मैं एक विभाग से रिटायर ड्राइवर हूं।

इस खुलासे के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) की भगवंत मान सरकार को विपक्ष ने घेरा। कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल समेत विपक्षी नेताओं ने सरकार पर स्वतंत्रता दिवस जैसे पवित्र अवसर को झूठे प्रचार और पब्लिसिटी स्टंट में बदलने का गंभीर आरोप लगाया है। (पढ़ें पूरी खबर)

5. 3 युवकों को चाकुओं से गोदा, एक के पेट में घुमाया

चंडीगढ़ में बदमाशों ने 3 युवकों पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दो गंभीर घायल हो गए। उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान लक्की और अरुण के नाम से हुई। जबकि, कुलदीप को कम चोटें लगी हैं।

तीनों युवक पार्क में बैठे थे। वहां एकदम से हमलावर आ गए, जिससे तीनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने लक्की के पेट में चाकू घोंपकर घुमा दिया। जबकि अरुण की छाती और पीठ पर 12 बार चाकू मारा। वहीं, कुलदीप के हाथ पर चाकू लगा है।

इसके बाद तीनों को सेक्टर-16 अस्पताल लाया गया। यहां कुलदीप को छुट्टी मिल गई, अरुण का अभी यहीं पर इलाज चल रहा है। जबकि, लक्की को PGI सुबह 6 बजे रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। (पढ़ें पूरी खबर)

6. कारोबारी ने बंद कमरे में गोली मारकर की आत्महत्या

फिरोजपुर शहर के गोल्डन एनक्लेव में सोमवार सुबह 65 साल के स्पेयर पार्ट्स कारोबारी ने खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। उनके भाई ने बताया कि वह रोजाना की तरह सोमवार सुबह करीब 4 बजे उठे। स्नान करने के बाद उन्होंने पाठ किया।

इसके बाद पानी पीकर वह अपने कमरे में चले गए और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिवार को चिंता हुई। दरवाजा खोलकर देखा तो वह कमरे में मृत अवस्था में पड़े थे।

मृतक की पहचान गुरकृपाल सिंह चावला के नाम से हुई। वह बगदादी गेट चौक में स्पेयर पार्ट्स की दुकान चलाते थे। परिवार के अनुसार, घर में किसी तरह का तनाव या विवाद नहीं था। ऐसे में उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसे लेकर परिजन भी हैरान हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

7. BA की छात्रा ने सुसाइड किया, पंखे से लटकी मिली

लुधियाना में बीए की छात्रा ने सुसाइड कर लिया। उसने घर में ही पंखे से फंदा लगाया। वह मास्टर तारा सिंह कॉलेज में BA फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रही थी। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी और वह दो भाइयों की इकलौती बहन थी।

छात्रा पढ़ाई के साथ घर पर ही बुटीक चलाती थी। घटना के समय उसका भाई अपनी दुकान पर गया हुआ था। परिवार ने बताया कि घर में किसी तरह का लड़ाई-झगड़ा नहीं हुआ था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। इसके साथ उसके मोबाइल की भी जांच की गई। मृतक छात्रा की पहचान अंशिका के रूप में हुई है।

न्यू माधोपुरी कॉलोनी में अंशिका ने रविवार को अपने घर में पंखे से ही फंदा लगाया। उसने चुन्नी का इस्तेमाल किया था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने अंशिका को फंदे से नीचे उतार लिया था। (पढ़ें पूरी खबर)

8. 2 साल के बच्चे को चाहिए 9 करोड़ का इंजेक्शन

लुधियाना का 2 साल का मासूम आरव ठाकुर इन दिनों जिंदगी की सबसे मुश्किल लड़ाई लड़ रहा है। आरव को दुर्लभ बीमारी स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (SMA) टाइप-2 है। जन्म के बाद करीब डेढ़ साल तक बिल्कुल सामान्य रहने वाले आरव में अचानक शारीरिक दिक्कतें शुरू हुईं, जिसके बाद जांच में बीमारी की पुष्टि हुई।

अब उसकी जिंदगी करीब 9 करोड़ रुपए के महंगे इंजेक्शन पर टिकी है। परिवार के लिए इतनी बड़ी रकम जुटाना आसान नहीं है, इसलिए मदद की उम्मीद में माता-पिता ने प्रशासन से लेकर आम लोगों तक हर दरवाजा खटखटाया है।

इसी बीच बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने आरव के लिए सोशल मीडिया पर भावुक अपील करते हुए देशवासियों से उसकी मदद के लिए आगे आने की गुहार लगाई है। परिवार समराला चौक के पास रहता है। (पढ़ें पूरी खबर)

9. रोड पर जिस्म का सौदा, ₹1 हजार से ₹10 हजार तक रेट

जालंधर के बस स्टैंड पर रात 9 बजते ही खुलेआम देह व्यापार शुरू हो जाता है। लड़कियां तंग कपड़ों में यहां रोड के किनारे आकर खड़ी हो जाती हैं। जैसे ही कोई कार रुकती है तो तुरंत आकर सौदेबाजी शुरू कर देती हैं। होटल से लेकर पर्सनल जगह तक की व्यवस्था भी उनकी होती है।

दैनिक भास्कर को इसके बारे में पता चला तो भास्कर रिपोर्टर ने 15 दिन तक यहां रात के वक्त फर्जी कस्टमर बनकर पूरे धंधे की पड़ताल की। इस दौरान 4 लड़कियों से रिपोर्टर की बातचीत हुई, जिसमें उन्होंने बिना किसी झिझक के न केवल अपने रेट बताए, बल्कि जगह के बारे में भी बताया।

जब लड़की डील फाइनल कर लेती है तो फिर इसमें उनके दलाल की एंट्री होती है। वही फिर होटल या किसी सीक्रेट जगह का बंदोबस्त करता है। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. बेटे को रस्सी से बांध थाने ले गया पिता, पुलिस से बोला- आप बार-बार छोड़ देते हैं

पठानकोट शहर में ‘चिट्टे’ (हेरोइन) का जाल इस कदर गहरा चुका है, कि सोमवार को एक पिता खुद अपने बेटे और उसके नाबालिग दोस्त को रस्सी से बांधकर खींचता हुआ थाने ले गया। पिता का आरोप है कि उसका नाबालिग बेटा अपने दोस्त के साथ मिलकर नशे की सप्लाई करता है। ये दोनों बड़े शहरों से नशा खरीदकर शहर में बेचते हैं।

पिता ने कहा कि वह दिहाड़ी लगाकर घर का गुजर-बसर करता है, लेकिन उसके बेटे और दोस्त के पास हजारों रुपए कहां से आते हैं, पता नहीं। उसने साफ तौर पर कहा कि वह खुद दुखी है कि बेटा ऐसे कामों में पड़ गया। पिता ने ये भी माना कि उसके बेटे ने अपने दोस्त के साथ मिलकर शहर में चोरियां भी की हैं, लेकिन पुलिस उन्हें पकड़ने के बाद छोड़ देती है।

वहीं, थाना -1 प्रभारी दविंदर काश्नी का कहना है कि मामले की जांच जारी है। इनका डोप टेस्ट करवाया जाएगा और रिपोर्ट आने पर बनती कार्रवाई की जाएगी। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Newsmatic - News WordPress Theme 2026. Powered By BlazeThemes.