![]()
चित्रकूट के रगोली ग्राम पंचायत से होकर गुजरने वाली नदी लगातार बारिश के कारण उफान पर है। इससे गांव का मुख्य मार्ग जलमग्न हो गया है, जहां सड़क और पुलिया पर लगभग 2 से 3 फीट पानी बह रहा है। आवागमन बाधित होने के बावजूद, ग्रामीण, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बाइक सवार शामिल हैं, जान जोखिम में डालकर बाढ़ का पानी पार करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों के अनुसार, रगोली गांव से मंडी, स्कूल और अस्पताल जाने का यह एकमात्र प्रमुख रास्ता है। बारिश के मौसम में हर साल नदी का जलस्तर बढ़ने पर यह मार्ग प्रभावित होता है। इस वर्ष पुलिया का निर्माण कार्य भी चल रहा है, लेकिन अधूरा होने के कारण ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। सबसे अधिक परेशानी बीमार और गर्भवती महिलाओं को हो रही है, जिन्हें आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचाना चुनौतीपूर्ण बन गया है। बच्चों को स्कूल जाने में भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि तेज बहाव की चपेट में आने से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है। उनकी मांग है कि पुलिया का निर्माण पूरा होने तक नाव या किसी सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए। साथ ही, बाढ़ प्रभावित स्थान पर पुलिसकर्मियों की तैनाती और बैरिकेडिंग की जाए, ताकि लोग अपनी जान जोखिम में डालकर पानी पार न करें। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कोई इंतजाम नहीं किए, तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
Source link
रगोली में नदी उफान पर, आवागमन ठप:चित्रकूट में ग्रामीण जान जोखिम में डालकर पार कर रहे जलमग्न मार्ग