![]()
सावन के तीसरे सोमवार को श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की संभावित भीड़ को देखते हुए पीलीभीत जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट पर है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने जिले में कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में सोमवार को अवकाश घोषित किया है। कांवड़ियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने रविवार देर रात करीब 12 बजे मंडी परिसर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कछला घाट से गंगाजल लेकर आ रहे श्रद्धालुओं के विश्राम और ठहरने के इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान डीएम ने भोजन, पेयजल, बिजली और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों की सेवा और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए। देखें, 4 तस्वीरें… पीलीभीत पुलिस प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं की सेवा में विशेष पहल की। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा के निर्देश पर रविवार देर शाम शाही पुलिस चौकी परिसर में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा और अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने कछला से जल लेकर लौट रहे कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। पुलिस अधिकारियों ने स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद और भोजन वितरित किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के निर्देश भी दिए। प्रशासन और पुलिस के इस कदम की श्रद्धालुओं ने सराहना की है।
Source link
सावन के तीसरे सोमवार पर पीलीभीत में स्कूल बंद:डीएम ने आधी रात व्यवस्थाएं परखीं, एसपी ने कांवड़ियों पर की पुष्पवर्षा