अमरोहा में दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या:बाइक चोरी के विवाद में हमला, 5 पर FIR; 2 हिरासत में


अमरोहा के गजरौला कोतवाली क्षेत्र के पखरौला गांव में एक दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना रविवार सुबह हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय संजय के रूप में हुई है, जो अनुसूचित जाति से थे और पखरौला गांव के निवासी थे। संजय ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी सुमन देवी, एक बड़ी बेटी और दो छोटे बेटे हैं। देखें, 5 तस्वीरें…. पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर गांव निवासी जब्बार कथित तौर पर संजय के घर बाइक चोरी करने आया था। संजय की नजर पड़ने पर जब्बार वहां से भाग गया। इसके बाद संजय जब्बार के घर यह पूछने गए कि वह क्या कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान जब्बार के तीन बेटों और उसके बहनोई ने संजय पर हमला कर दिया। उन्होंने लाठी-डंडों से संजय की बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार के सदस्य घायल संजय को गांव के एक क्लिनिक ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर वापस ले आया गया। रविवार सुबह लगभग 4 बजे संजय की घर पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक संजय के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *