![]()
सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने डिवाइडर पार कर दूसरी ओर से आ रही मारुति एर्टिगा को टक्कर मार दी। इस हादसे में एर्टिगा में सवार तीन लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि एर्टिगा सड़क पर दो से तीन बार पलट गई। शुक्रवार सुबह 9 बजे पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, अंबाला शहर के जंडली निवासी प्रवेश शर्मा ने बताया कि 13 अगस्त को वह अपने रिश्तेदार रणधीर सिंह पालिका विहार, अंबाला और रेनू प्रगति विहार, अंबाला के साथ हरिद्वार से गंगा स्नान कर अपनी मारुति एर्टिगा कार से अंबाला लौट रहे थे। कार प्रवेश शर्मा खुद चला रहे थे। शिकायत के मुताबिक, सुबह करीब 11 बजे जब वे सरसावा क्षेत्र के गांव जलालपुर के पास हाईवे पर अपनी लेन में जा रहे थे, तभी मधुबन होटल के सामने यमुनानगर की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार ने अचानक डिवाइडर पार कर उनकी कार में सामने से टक्कर मार दी। प्रवेश शर्मा ने आरोप लगाया कि स्विफ्ट डिजायर का चालक तेज गति और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। टक्कर लगते ही एर्टिगा अनियंत्रित होकर सड़क पर दो-तीन बार पलट गई। कार में चालक प्रवेश शर्मा के साथ अगली सीट पर रणधीर सिंह और पिछली सीट पर रेनू सवार थीं। प्रवेश और रणधीर ने सीट बेल्ट लगाई हुई थी, जबकि रेनू पिछली सीटों के बीच फंस गईं। हादसे में तीनों को चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार के शीशे तोड़े और तीनों घायलों को बाहर निकाला। प्रवेश शर्मा ने पुलिस को बताया कि यदि समय पर लोगों की मदद नहीं मिलती तो कार में फंसे रहने के कारण उनकी जान को भी खतरा हो सकता था। पुलिस ने स्विफ्ट डिजायर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दुर्घटना में एर्टिगा का अगला हिस्सा और एक साइड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार के सभी शीशे टूट गए।पुलिस अब हादसे के कारणों और आरोपी चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
Source link
डिवाइडर पार कर कार ने एर्टिगा को टक्कर मारी:सहारनपुर में हादसे में तीन लोग घायल, एर्टिगा पलटी; स्विफ्ट डिजायर चालक पर FIR