![]()
शामली के जिलाधिकारी आलोक यादव ने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत जनपदवासियों से राष्ट्रीय ध्वज को पूरे सम्मान और गरिमा के साथ फहराने की अपील की है। उन्होंने संबंधित विभागों को 9 से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रतिदिन की कार्ययोजना तैयार कर अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों के मन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने अधिकारियों से आमजन को अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करने को कहा। डीएम ने निर्देश दिए कि संबंधित विभाग अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुसार एनआरएलएम कार्यालय से राष्ट्रीय ध्वज प्राप्त करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय ध्वज का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होना चाहिए। तिरंगा आयताकार आकार में 3:2 के अनुपात में होना अनिवार्य है। ध्वज में केसरिया, सफेद और हरे रंग की पट्टियां निर्धारित क्रम में हों तथा सफेद पट्टी के मध्य 24 तीलियों वाला अशोक चक्र अंकित होना चाहिए। तिरंगे के निर्माण में निर्धारित मानकों के अनुसार खादी, सूती, पॉलिस्टर, ऊनी अथवा सिल्क सहित अनुमन्य कपड़ों का प्रयोग किया जा सकता है। राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और ध्वज संहिता के पालन को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि आवासों, विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों और अन्य सभी स्थानों पर तिरंगा पूरे सम्मान एवं गरिमा के साथ फहराया जाए। शासकीय भवनों एवं शैक्षणिक संस्थानों पर ध्वजारोहण के साथ रात के समय तिरंगे की उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। डीएम आलोक यादव ने जनपदवासियों से पुनः अपील की कि वे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में उत्साहपूर्वक भागीदारी करें और राष्ट्रीय ध्वज संहिता का अक्षरशः अनुपालन करते हुए तिरंगे को सम्मानपूर्वक अपने घरों पर स्थापित करें।
Source link
शामली डीएम आलोक यादव ने की अपील:ध्वज संहिता का पालन कर सम्मान से फहराएं राष्ट्रीय ध्वज