चित्रकूट में ट्रक की टक्कर से रिटायर्ड दरोगा की मौत:पीछे से बाइक में टक्कर, दूसरे ट्रक से भिड़े; हेलमेट नहीं पहना था


चित्रकूट में सड़क हादसे में सेवानिवृत्त दरोगा की मौत हो गई। वे अपनी बाइक से कर्वी लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सामने खड़े दूसरे ट्रक से जा टकराई। इस दुर्घटना में दरोगा के सिर में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दरोगा को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन भी जिला अस्पताल पहुंचे। मृतक की पहचान सेवानिवृत्त दरोगा के रूप में हुई है। उनके परिवार में पत्नी मिथलेश देवी और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा देवेंद्र मिश्रा लोहरा उच्च प्राथमिक विद्यालय में अनुदेशक है, जबकि छोटा बेटा महिंद्रा कंपनी में कार्यरत है। पुलिस के अनुसार, दरोगा लोढ़वारा नो एंट्री पॉइंट के पास कर्वी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वे नियंत्रण खो बैठे और सामने खड़े दूसरे ट्रक से टकरा गए। दुर्घटना के समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण उनके सिर में गंभीर चोट आई। सदर कोतवाल दुर्ग विजय सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक की पहचान और तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *