मऊ महादेव धाम में पुलिस का चेकिंग अभियान:संदिग्धों से पूछताछ, नगर कोतवाल बोले- भक्ति में खलल बर्दाश्त नहीं।


मऊ में सावन माह में शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है। इसी क्रम में सोमवार देर शाम करीब दस बजे नगर कोतवाल प्रमेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ ढेकुलिया घाट स्थित मऊ महादेव धाम पहुंचे और सुरक्षा का जायजा लिया। नगर कोतवाल ने पुलिसकर्मियों के साथ मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद संदिग्ध युवकों से पूछताछ की गई। पुलिस ने मंदिर के आसपास अनावश्यक रूप से घूम रहे लोगों की गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी। श्रद्धालुओं की भीड़ में संदिग्ध दिखने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनसे पूछताछ की गई। नगर कोतवाल प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि सावन में बड़ी संख्या में शिवभक्त दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में आ रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे युवक भी मंदिरों में आ सकते हैं, जिनका उद्देश्य धार्मिक माहौल में बाधा डालना हो सकता है। ऐसे लोगों पर पुलिस की पैनी नजर है। कोतवाल ने स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जाएगी और बिना किसी आवश्यक कार्य के मंदिर परिसर में मौजूद लोगों को बाहर भेजा जाएगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *