![]()
महोबा के पनवाड़ी स्थित गीता ज्ञानस्थली आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 के 13 वर्षीय छात्र से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पैसे चोरी करने के शक में विद्यालय संचालक प्रदीप राठौर ने छात्र अमर सिंह पाल को लोहे की रॉड से पीटा। मारपीट में छात्र बेहोश हो गया। महोबकंठ थाना क्षेत्र के दिदवारा गांव निवासी रामसेवक पाल ने 1 अगस्त को अपने बेटे अमर सिंह का विद्यालय में दाखिला कराया था। परिजनों के मुताबिक, दाखिले के दो दिन बाद 3 अगस्त को हॉस्टल में पैसे चोरी होने की बात सामने आई। इसके बाद संचालक ने अमर पर चोरी का शक जताते हुए उसकी पिटाई कर दी। रॉड से पीटा, बेहोश होने के बाद कराया इलाज पीड़ित छात्र के अनुसार, संचालक ने लोहे की रॉड से उसके साथ मारपीट की। पिटाई इतनी ज्यादा थी कि वह मौके पर ही बेहोश हो गया। छात्र का आरोप है कि होश में आने के बाद उसका चोरी-छिपे इलाज कराया गया, ताकि मामला सामने न आए। अमर ने यह भी आरोप लगाया कि उसे घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। घटना के बाद कई दिनों तक परिजनों को भी उससे बात नहीं करने दी गई। हॉस्टल पहुंचे परिजन तो रोते हुए बताई पूरी बात सोमवार को परिजन अचानक हॉस्टल पहुंचे। काफी अनुरोध के बाद उन्हें अमर से मिलने दिया गया। इस दौरान छात्र ने रोते हुए परिजनों को पूरी घटना बताई और शरीर पर लगी चोटों के निशान दिखाए। छात्र की मां जयबाई ने बताया कि अमर के पैरों पर गंभीर चोट के निशान हैं। उन्होंने जब विद्यालय संचालक से इस मामले में शिकायत की तो आरोप है कि उन्हें भी परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। ग्रामीणों का दावा- पहले भी बच्चे की पिटाई का आरोप ग्रामीणों के मुताबिक, विद्यालय संचालक पर छात्र से मारपीट का यह पहला आरोप नहीं है। करीब तीन साल पहले भी एक बच्चे की पिटाई का मामला सामने आया था। तब बच्चे को इलाज के लिए झांसी ले जाना पड़ा था। डीएम से हॉस्टल बंद कराने की मांग मामले के बाद छात्र के परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने जिलाधिकारी से शिकायत कर आरोपी संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने संचालक को जेल भेजने और आवासीय विद्यालय को तत्काल बंद कराने की भी मांग की है।परिजनों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इस मामले में प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
Source link
13 साल के छात्र को लोहे की रॉड से पीटा:महोबा में छात्र बेहोश हुआ; परिजनों ने डीएम से हॉस्टल बंद कराने की मांग की