![]()
मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात इटावा रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में टेंपो चालक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी और उसकी पांच महीने की बेटी है। हादसा गुरुवार रात करीब 11:30 बजे इटावा रोड स्थित मामा ट्रांसपोर्ट के सामने हुआ। सिंगी रामपुर की ओर से आ रहा टेंपो सामने से आ रही डीसीएम से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सीएचसी में डॉक्टरों ने चालक को मृत घोषित किया सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेवर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने टेंपो चालक ध्रुव कुमार (26) पुत्र प्रमोद उर्फ गुड्डू निवासी ग्राम धीरपुर, थाना बेवर को मृत घोषित कर दिया। वह टेंपो संख्या UP 84 BT 2661 चला रहे थे। दूसरे घायल का जिला अस्पताल में इलाज जारी हादसे में घायल राजवीर पुत्र विश्वनाथ निवासी ग्राम पसावा, थाना कायमगंज, जनपद फर्रुखाबाद की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचा गांव, मचा कोहराम घटना की जानकारी मिलते ही मृतक और घायल के परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पति के शव से लिपटकर बिलखती रही पत्नी शव गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी आरती पति के शव से लिपटकर बिलखती रही। परिजनों और ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। बताया गया कि ध्रुव की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी और उसकी पांच महीने की मासूम बेटी है। परिवार की जिम्मेदारी पूरी तरह उन्हीं पर थी। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
Source link
मैनपुरी में डीसीएम से टकराया टेंपो, चालक की मौत:डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, 5 महीने की बेटी को छोड़ गया; एक घायल