![]()
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के बीच मुजफ्फरनगर में आस्था के साथ न्याय की मांग का अनोखा संदेश भी देखने को मिला। मंगलवार देर रात करीब 11 बजे शिव चौक पर हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचे अरुण खटीक अपने दिवंगत भाई तरुण खटीक की प्रतिमा के साथ कांवड़ यात्रा करते नजर आए। उनके साथ खटीक समाज के सैकड़ों युवा भी मौजूद रहे, जिन्होंने तरुण खटीक को न्याय दिलाने की मांग उठाई। अरुण खटीक ने बताया कि कुछ माह पहले दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र में उनके भाई तरुण खटीक की हत्या कर दी गई थी। उनका आरोप है कि घटना के बाद से परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक उन्हें संतोषजनक कार्रवाई नहीं मिली है। इसी वजह से उन्होंने भगवान शिव के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए हरिद्वार से गंगाजल की कांवड़ उठाई और अपने भाई की प्रतिमा भी साथ लेकर यात्रा शुरू की। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि अपने भाई के लिए न्याय की गुहार है। उनका उद्देश्य प्रशासन और सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाना है, ताकि मामले में निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। शिव चौक पर गूंजे न्याय के नारे मुजफ्फरनगर के शिव चौक पहुंचने पर कांवड़ यात्रा में शामिल युवाओं ने “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ तरुण खटीक को न्याय दिलाने की मांग भी उठाई। बड़ी संख्या में खटीक समाज के लोग यात्रा में शामिल रहे और उन्होंने परिवार के साथ एकजुटता दिखाई। राहगीरों के आकर्षण का केंद्र बनी कांवड़ भाई की प्रतिमा के साथ निकाली जा रही इस अनोखी कांवड़ यात्रा ने राहगीरों और अन्य कांवड़ श्रद्धालुओं का भी ध्यान आकर्षित किया। लोगों ने यात्रा की तस्वीरें और वीडियो बनाए तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। परिवार का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनकी आवाज इसी तरह उठती रहेगी। उनका कहना है कि यह यात्रा आस्था के साथ-साथ न्याय की उम्मीद का भी प्रतीक है।
Source link
मुजफ्फरनगर पहुंची 'इंसाफ की कांवड़':दिल्ली में मारे गए तरुण खटीक की प्रतिमा लेकर निकले भाई, बोले- न्याय मिलने तक लड़ाई