केसा के नाम से फर्जी काल से सावधान रहें:कानपुर केस्को MD बोलीं- KESCO बिजली विभाग कोई नया एप नहीं डाउनलोड करा रहा


कानपुर में स्मार्ट प्रीपेड मीटर बदलकर प्रीपेड मीटर लगाए जा रहे हैं। इस बीच जिन उपभोक्ताओं के मीटर प्रीपेड से पोस्टपेड किए गए हैं, उन्हें साइबर ठग निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसे लेकर केस्को की प्रबंध निदेशक नेहा जैन ने उपभोक्ताओं से सतर्क रहने की अपील की है। नेहा जैन ने बताया कि केस्को के संज्ञान में ऐसे मामले आए हैं, जिनमें उपभोक्ताओं के पास केसा के नाम से फोन कॉल की गई। कॉल करने वालों ने पहले प्रीपेड से पोस्टपेड मीटर होने की जानकारी पूछी और फिर बिजली बिल भुगतान के नाम पर एक ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केस्को की ओर से इस तरह की कोई कॉल नहीं की जाती और न ही किसी उपभोक्ता को कोई अन्य ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी फर्जी कॉल और साइबर ठगी से सावधान रहें। एमडी ने कहा कि हाल के दिनों में साइबर फ्रॉड के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। केस्को को भी अपने नाम से फर्जी कॉल किए जाने की सूचनाएं मिली हैं, जिनका हर स्तर पर सत्यापन कराया जा रहा है। यदि हेल्पलाइन पर भी ऐसी शिकायत मिलती है तो उसकी सूचना तत्काल साइबर क्राइम सेल को दी जाती है। उन्होंने बताया कि ठग खासतौर पर उन उपभोक्ताओं को निशाना बना रहे हैं, जिनके मीटर प्रीपेड से पोस्टपेड हुए हैं। उन्हें भविष्य में बिल भुगतान की प्रक्रिया बताने के बहाने फोन किया जा रहा है।
नेहा जैन ने कहा कि ऑनलाइन बिजली बिल भुगतान के लिए केवल दो अधिकृत माध्यम हैं, केस्को की आधिकारिक वेबसाइट और यूपीपीसीएल का स्मार्ट ऐप। इसके अलावा केस्को किसी अन्य ऐप का इस्तेमाल नहीं कराता। उन्होंने बताया कि शहर में बिजली बिल जमा करने के लिए 100 से अधिक कैश काउंटर भी संचालित हैं। इसके अलावा बिजली बिल पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर भी ऑनलाइन भुगतान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं से मिलने वाली ऐसी सभी फर्जी कॉल की शिकायतें साइबर क्राइम में दर्ज कराने का काम किया जायेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *