जौहर विश्वविद्यालय के नाम पर भ्रामक वीडियो वायरल:रामपुर में सोशल मीडिया आईडी के खिलाफ एफआईआर, पुलिस ने शुरू की जांच


रामपुर में जौहर विश्वविद्यालय का नाम जोड़कर सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो शेयर करने के मामले में अजीमनगर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि किसी अन्य स्थान के वीडियो को संपादित कर जौहर विश्वविद्यालय का बताकर सोशल मीडिया पर शेयर किया गया, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति अविश्वास फैलाने और लोगों को भड़काने का प्रयास किया गया। मामले में तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। एफआईआर के अनुसार, अजीमनगर थाने में दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि ‘रितु रघुवंशी’ नाम की सोशल मीडिया आईडी से किसी अन्य स्थान के वीडियो को संपादित कर जौहर विश्वविद्यालय का बताते हुए प्रसारित किया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस वीडियो के जरिए आम जनता में पुलिस-प्रशासन के प्रति अविश्वास पैदा करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश की गई। साथ ही वीडियो के कारण क्षेत्र का माहौल बिगड़ने और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया है। एफआईआर के अनुसार, यह मामला 28 जुलाई 2026 की रात 11:45 बजे अजीमनगर थाने में दर्ज किया गया। वीडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज बुधवार रात करीब 8:30 बजे थाना प्रभारी अजीमनगर ने बताया कि वीडियो के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि वीडियो की सत्यता, उसे प्रसारित करने वाले व्यक्ति की पहचान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि दो दिन पहले इसी तरह के एक अन्य मामले में भी मुकदमा दर्ज किया गया था। हालांकि, उस मामले में नामजद आरोपी की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी वीडियो, फोटो या संदेश को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। पुलिस का कहना है कि भ्रामक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की तकनीकी और कानूनी पहलुओं से जांच जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *