सुल्तानपुर में गो-तस्कर 2 सगे गिरफ्तार:तीन की तलाश जारी, SP ने पुलिस टीम को दिया 25 हजार का इनाम


सुल्तानपुर पुलिस ने गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। बुधवार शाम 4 बजे उन्हें जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में एक तस्कर घायल हुआ है, जबकि तीन अन्य फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक ने सफल कार्रवाई के लिए टीम को 25,000 रुपये का इनाम दिया है। कादीपुर सीओ विनय गौतम के अनुसार, यह घटना 28/29 जुलाई की रात कुंदाभैरोपुर सर्विस लेन अंडरपास के पास हुई। पुलिस को गो-तस्करों के आने की सूचना मिली थी, जिसके बाद देर रात करीब 03:10 बजे संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर अपराधियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में प्यारेपुर हाजीगंज, थाना चांदा, जनपद सुल्तानपुर निवासी अब्दुल सलाम (करीब 45 वर्ष) के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल अब्दुल सलाम और उसके भाई रियाज (करीब 55 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार तीन अन्य अपराधी, जिनमें आफाज पुत्र रियाज, अफजल पुत्र पप्पू और आजाद पुत्र फहीम शामिल थे, मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। घायल अपराधी अब्दुल सलाम के पास से एक तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार रियाज के कब्जे से एक बोरी में रखा लोहे का चापड़ और एक लकड़ी का ठेहा मिला। इस संबंध में स्थानीय थाने पर मामला दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *