![]()
बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र के रोटा कस्बे में सोमवार दोपहर 4 बजे लगभग मोबाइल पर बातचीत को लेकर हुए विवाद में फायरिंग हुई। इस घटना में बीच-बचाव करने आए एक व्यक्ति के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मंगलवार को तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, रोटा निवासी शेखर ने बताया कि कुछ दिन पहले उसने गांव के गोले उर्फ राहुल उर्फ टिंकू को अपनी 14 वर्षीय बहन से मोबाइल पर बात करते देखा था। इस बात को लेकर शेखर और गोले के बीच पहले भी कहासुनी और हाथापाई हुई थी। सोमवार दोपहर आरोपी गोले ने शेखर को बातचीत के बहाने रोटा रोडवेज बस स्टैंड पर बुलाया। शेखर के वहां पहुंचने पर गोले अपने बहनोई अभिषेक और शिवम उर्फ कल्लू के साथ मौजूद था। आरोप है कि तीनों ने तमंचे से फायर कर दिया। फायरिंग के दौरान बीच-बचाव करने आए शेखर के ताऊ अगरपाल के दाहिने पैर में घुटने के ऊपर गोली लग गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल अगरपाल को परिजनों ने सरकारी एंबुलेंस से पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। वजीरगंज थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर गोले उर्फ राहुल उर्फ टिंकू, अभिषेक और शिवम उर्फ कल्लू के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की विवेचना जारी है और साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बदायूं में फायरिंग, ताऊ को गोली लगी:मोबाइल पर बातचीत को लेकर विवाद, तीन लोगों पर एफआईआर