मेरठ में रुक-रुक कर बारिश के आसार:रात में भी हल्की बारिश की संभावना, उमस से मिलेगी राहत


मेरठ में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। सोमवार शाम शहर के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया और दिनभर की उमस से लोगों को राहत मिली। मंगलवार को भी मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है। दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही रहेगी और बीच-बीच में बारिश का दौर चल सकता है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। मौसम विभाग का कहना है कि दिन में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं रात में भी बादल बने रहेंगे और देर रात हल्की बारिश की संभावना है। सोमवार शाम हुई बूंदाबांदी के बाद तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने गर्मी और चिपचिपी उमस से राहत महसूस की। हालांकि वातावरण में नमी अधिक रहने के कारण उमस पूरी तरह खत्म नहीं हुई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है और रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। बारिश के चलते शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका भी बनी हुई है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं किसानों के लिए यह बारिश खरीफ फसलों के लिहाज से लाभदायक मानी जा रही है। लगातार बादलों की मौजूदगी के कारण तेज धूप से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *