CM के आने से पहले भगवा रंग में सजा यूनिवर्सिटी:सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी लगातार कर रहे निरीक्षण


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 2 दिन आगरा दौरे पर हैं। इस दौरान वे रविवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री खंदारी कैम्पस स्थित शिवाजी मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में कैशलैस योजना का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे विश्वविद्यालय के 100 साल के इतिहास से जुड़ी प्रदर्शनी देखेंगे। सीएम विश्वविद्यालय में चल रहे विभिन्न स्टार्टअप्स की प्रदर्शनी का भी अवलोकन करेंगे और स्टार्टअप से जुड़े छात्रों से संवाद करेंगे। भगवा रंग में सजा कैंपस, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर खंदारी कैम्पस में तैयारियां तेज हो गई हैं। कैंपस के गेटों को भगवा रंग से सजाया गया है। दीवारों पर वॉल पेंटिंग की जा रही है और पूरे परिसर को बैनरों से पाट दिया गया है। मरम्मत कार्य भी युद्धस्तर पर चल रहा है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शिक्षकों के पास विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी किए जाएंगे। परिसर में पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। सीएम के दौरे से विश्वविद्यालय में शैक्षणिक और डिजिटल योजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *