![]()
सोनभद्र में सर्राफा व्यवसायी के साथ हुई लूटपाट करने वाले दो बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिनमें से एक के पैर में गोली लगी है। दोनों के पास से अवैध देशी तमंचा .315 बोर, जिंदा कारतूस और लूट की घटना में इस्तेमाल बाइक और नगदी बरामद की है। बदमाशों ने बीती 18 जुलाई को बभनी थाना क्षेत्र के शीश टोला इलाके में कारोबारी कुलधीर कुमार के साथ लूटपाट की थी। सीओ दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि 25 जुलाई को सुबह करीब 03:30 बजे मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक बभनी दिन्नू प्रसाद यादव अपनी पुलिस टीम के साथ शीशटोला जंगल में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान छत्तीसगढ़ के रघुनाथनगर की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा रोकने का प्रयास करने पर अभियुक्त मोटरसाइकिल की गति बढ़ाकर मगरमाड़ तिराहे की ओर भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर मगरमाड़ तिराहे से करीब 100 मीटर आगे मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। बदमाश झाड़ियों में भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश रमेश साकेत (34) पुत्र बवई साकेत, निवासी कनई, थाना बरगवां, सिंगरौली, मध्य प्रदेश के दाहिने पैर में गोली लगी। उसके साथी मनोज साकेत(30) (पुत्र रामजी साकेत, निवासी बड़ोखर, थाना बरगवां, जनपद सिंगरौली, मध्य प्रदेश को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में रमेश साकेत ने बताया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 18 जुलाई को शीशटोला जंगल में सर्राफा व्यापारी से लूट की घटना को अंजाम दिया था। घटना की रेकी मनोज साकेत ने की थी और लूट की रकम में चार साथियों को 10,000-10,000 रुपये मिले थे। पूछताछ में घटना में संलिप्त अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें तलाश में जुट गई हैं।
Source link
सर्राफा व्यवसायी को लूटने वालों से पुलिस की मुठभेड़:सोनभद्र में दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली, नकदी व हथियार बरामद